लंदन।विम्बलडन के दूसरे दिन ही बड़ा उलटफेर हुआ है। मौजूदा चैंपियन मार्केटा वोंद्रोसोवा विम्बल्डन के पहले ही दौर से बाहर हो गई है। इसके साथ ही वो बीते 30 साल में विम्बलडन के पहले दौर में हारने वाली पहली महिला डिफेंडिंग चैंपियन बन गई हैं।
30 साल पहले 1994 में पहली बार स्टेफी ग्राफ को लोरी मैकनील ने इसी तरह विम्बलडन के शुरुआती राउंड में ही बाहर का रास्ता दिखाया था।
चेक रिपब्लिक की 25 साल की मार्केता वोंद्रोसोवा सीधे सेटों सीधे सेटों में विश्व की 83वीं रैंक की खिलाड़ी स्पेन की 21 साल की जेसिका बूजास मैनीरो से हार गईं। मार्केता वोंद्रोसोवा 67 मिनट के अंदर मैनीरो से 6-4, 6-2 से हारी। अपनी 2023 की सफलता से पहले मार्केता वोंद्रोसोवा ने SW19 में केवल एक मुख्य-ड्रा मैच जीता था और दो सप्ताह पहले बर्लिन में उन्हें चोट लगी थी।
दुनिया की छठे नंबर की वोंद्रोसोवा ने टूर्नामेंट से पहले जोर देकर कहा था कि वह पूरी तरह से फिट हैं, लेकिन उनके पहले सर्विस गेम में तीन डबल-फॉल्ट हुए। इसके बाद वो संभल नहीं पाईं।
जेसिका पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के मुख्य दौर में पहुंची थीं
स्पेन की 21 साल की जेसिका पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के मुख्य दौर में पहुंची थीं और उन्होंने गत चैंपियन खिलाड़ी को हरा दिया। हारने के बाद वोंद्रोसोवा काफी निराश दिखीं। दूसरी तरफ जेसिका अपनी इस उपलब्धि का जश्न मनाने से खुद को नहीं रोक सकीं और टेनिस कोर्ट पर ही उछल पड़ीं। वोंद्रोसोवा ने मैच में सात डबल फॉल्ट किए, वहीं जेसिका ने गत चैंपियन खिलाड़ी की पांच बार सर्विस तोड़ी और मुकाबले को एकतरफा बना दिया।


