गुवाहाटी: प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल 2024 में लगातार चौथी हार झेलनी पड़ी है। टीम ने शुरुआती 9 मैचों में 8 जीत हासिल की थी। 13 मैचों के बाद भी उसके नाम 8 ही जीत हैं। गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम पर राजस्थान को पंजाब किंग्स ने 5 विकेट से हराया। धीमी विकेट पर राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 9 विकेट पर 144 रन बनाए। पंजाब ने 19वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। पंजाब पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर है लेकिन इस जीत ने उसे टेबल में 10वें से 9वें स्थान पर पहुंचा दिया है।
राजस्थान के लिए सिर्फ पराग चले
स्थानीय खिलाड़ी रियान पराग की 48 रन की पारी के बावजूद राजस्थान रॉयल्स की टीम 150 के स्कोर को परा नहीं कर पाई। राजस्थान के लिए पराग ने 34 गेंद की पारी के दौरान छह चौके जमाये जबकि रविचंद्रन अश्विन ने 19 गेंद में तीन चौके और एक छक्के से 28 रन का योगदान दिया। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी निभाकर पारी को रफ्तार देने की कोशिश की लेकिन उनके प्रयास कामयाब नहीं रहे। पंजाब के लिए हर्षल, चाहर और कप्तान करन ने 2-2 विकेट लिए।टीम के टॉप-3 बल्लेबाज पूरी तरह फेल रही। मैच की पहली गेंद पर चौका मारने के बाद यशस्वी जायसवाल उसी ओवर में आउट हो गए। बटलर की जगह ओपनिंग कर रहे टॉम कोहलर कैडमोर ने 18 रन बनाने के लिए 23 गेंदों का सामना किया। कप्तान संजू भी 15 गेंद पर 18 रन बना सके। पावरप्ले में एक विकेट खोने के बाद भी पंजाब की सटीक बॉलिंग के सामने राजस्थान की टीम 38 रन ही बना सकी। निचले क्रम में जुरेल गोल्डन डक हुए तो पॉवेल 4 और डोनोवन फेरीरा ने 7 रन बनाए।


