इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) अगले साल 23 मार्च को शुरू होगा। इसके लिए 10 टीमें 19 दिसंबर को खिलाड़ियों की खरीदी करेंगी। IPL ऑक्शन मंगलवार यानी 19 दिसंबर को दुबई में दोपहर 1:00 बजे शुरू होगा। इस बार 333 प्लेयर्स पर बोली लगेगी। हालांकि, इनमें से अधिकतम 77 खिलाड़ी ही खरीदे जा सकेंगे। इनमें 30 स्लॉट विदेशी प्लेयर्स के लिए हैं।
इस बार के ऑक्शन में 10 टीमों के पास 262.95 करोड़ रुपए बचे हुए हैं। इनमें गुजरात, हैदराबाद, कोलकाता और चेन्नई 30 करोड़ रुपए से ज्यादा लेकर ऑक्शन में उतरेंगी। आसार हैं कि इन्हीं में से किसी एक टीम में IPL इतिहास का सबसे महंगा प्लेयर भी शामिल हो सकता है, जिसकी कीमत 20 करोड़ रुपए के पार जा सकती है। ऐसे ही टॉप-10 प्लेयर्स के बारे में जानते हैं…
1. रचिन रवींद्र: वनडे वर्ल्ड कप में 3 सेंचुरी जमाई, लेफ्ट आर्म स्पिनर भी
न्यूजीलैंड के लेफ्ट हैंड बैटिंग ऑलराउंडर रचिन रवींद्र ने वनडे वर्ल्ड कप में प्रभावित किया। उन्होंने 3 शतक के दम पर 578 रन बनाए। 24 साल के रचिन ने भारत में 64.22 की औसत से स्पिन और पेस दोनों के खिलाफ खूब रन बनाए। टॉप ऑर्डर में बैटिंग के साथ रचिन लेफ्ट आर्म स्पिन भी फेंक लेते हैं।
रचिन ने न्यूजीलैंड के लिए 18 टी-20 इंटरनेशनल में करीब 118 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। वह पहली बार IPL ऑक्शन में उतरेंगे। टी-20 करियर के 53 मैचों में उन्होंने करीब 123 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।
रचिन का नाम ऑक्शन के सेट-2 में है। कीवी ऑलराउंडर ने अपनी बेस प्राइस महज 50 लाख रुपए रखी है। IPL में सभी टीमों को ऑलराउंडर की जरूरत है। गुजरात, हैदराबाद, कोलकाता, चेन्नई, पंजाब और दिल्ली के पास 29 करोड़ से ज्यादा रुपए का फंड है। इन्हीं में से कोई टीम रचिन को खरीद सकती है।
2. ट्रैविस हेड: एग्रेसिव बैटर, अटैकिंग शॉट्स खेलते हैं, बड़े मैच के खिलाड़ी
ऑस्ट्रेलिया के ओपनर ट्रैविस हेड ने वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में 137 रन बनाकर भारत से ट्रॉफी छीनी। उन्होंने टूर्नामेंट के 6 ही मैचों में 2 सेंचुरी लगाकर 329 रन बना दिए। उनका स्ट्राइक रेट भी 127 से ज्यादा का रहा। लेफ्ट हैंड बैटिंग के साथ हेड राइट आर्म ऑफ स्पिन भी फेंक लेते हैं।
23 टी-20 में उन्होंने 146 के स्ट्राइक रेट से 554 रन बनाए हैं। 10 IPL मैचों में उनके नाम 138.51 के स्ट्राइक रेट से 205 रन हैं, वह आखिरी बार 2017 में RCB का हिस्सा थे।
हेड का नाम ऑक्शन के सेट-1 में है। उनकी बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए है। IPL में SRH, KKR, GT और DC को टॉप ऑर्डर बैटर की जरूरत हैं। चारों ही टीमों के पास 28 करोड़ रुपए से ज्यादा का पर्स है, ऐसे में हेड की कीमत भी 10 से 15 करोड़ तक जा सकती है।
3. हैरी ब्रूक: अटैकिंग बैटर, हर छठी बॉल पर लगाते हैं बाउंड्री
इंग्लैंड के मिडिल ऑर्डर बैटर हैरी ब्रूक टी-20 इंटरनेशनल में हर छठी बॉल पर बाउंड्री जमाते हैं। वह 25 टी-20 मुकाबलों में 141.02 के स्ट्राइक रेट से 495 रन बना चुके हैं। ब्रूक पार्ट टाइम बॉलिंग भी कर लेते हैं। वह इंटरनेशनल लेवल पर टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में भी अटैकिंग बैटिंग से सभी को प्रभावित कर चुके हैं।
पिछले IPL में ब्रूक को SRH ने 13.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। लेकिन हैदराबाद की मुश्किल पिच के कारण 11 IPL मैचों में वह 190 रन ही बना सके। उन्होंने एक सेंचुरी लगाई, जो कोलकाता की फ्लैट पिच पर आई।
ब्रूक ऑक्शन के सेट-1 में शामिल हैं। उनकी बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए है। IPL में बेंगलुरु, कोलकाता, मोहाली, मुंबई और अहमदाबाद की पिचें फ्लैट हैं। KKR और GT को मिडिल ऑर्डर बैटर की जरूरत हैं, दोनों ही टीमें ब्रूक के लिए 10 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च कर सकती हैं।
4. शार्दूल ठाकुर: अहम मौकों पर विकेट लेते हैं, अटैकिंग बैटर और फिनिशर
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज शार्दूल ठाकुर में अहम मौकों पर विकेट निकालने की क्षमता है। वह लोअर ऑर्डर में बड़े-बड़े शॉट लगाने के साथ मैच भी फिनिश कर सकते हैं। शार्दूल भारत के लिए 25 टी-20 में 33 विकेट ले चुके हैं।
भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेल चुके शार्दूल को 2022 के मेगा ऑक्शन में दिल्ली ने 10.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। पिछले सीजन उन्हें कोलकाता ने शामिल किया, तब उन्होंने 113 रन बनाने के साथ 6 विकेट लिए। शार्दूल के नाम 86 IPL मैचों में 89 विकेट के साथ 286 रन भी हैं।
ऑलराउंडर शार्दूल का नाम ऑक्शन के सेट-2 में है। उनकी बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए है। वह पंजाब, पुणे, चेन्नई, दिल्ली और कोलकाता से खेल चुके हैं। भारत के पेस बॉलिंग ऑलराउंडर की सभी टीमों को जरूरत रहती है। ऐसे में शार्दूल के लिए GT, CSK, SRH, PBKS और RCB जैसी टीमों में बड़ी बिडिंग वॉर देखने को मिल सकती है।


