भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई में खेले जा रहे एकमात्र विमेंस टेस्ट में टीम इंडिया ने मजबूत पकड़ बना ली है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक टीम की बढ़त 478 रन की हो चुकी है। इंग्लैंड की टीम पहली पारी में महज 136 रन बना सकी। भारत से दीप्ति शर्मा ने महज 7 रन देकर 5 विकेट झटके। दूसरे दिन के खेल में कुल 19 विकेट गिरे। इनमें इंग्लैंड के 10 और भारत के 9 विकेट शामिल रहे।
दूसरे ही दिन इंडिया विमेंस अपनी पहली पारी में 428 रन बनाकर ऑलआउट हुई। दूसरी पारी में भारत ने 6 विकेट पर 186 रन बना लिए। कप्तान हरमनप्रीत कौर और पूजा वस्त्राकर नॉटआउट हैं, दोनों तीसरे दिन भारत की पारी आगे बढ़ाएंगी। 4-दिवसीय टेस्ट में तीसरे दिन का खेल शनिवार सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा।
दूसरे दिन 18 रन ही जोड़ सकी टीम इंडिया
मुंबई के डीवाई पाटील स्टेडियम में भारत ने दूसरे दिन पहली पारी में 410/7 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। टीम 18 ही रन जोड़कर 428 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड से लौरेन बेल और सोफी एक्लेस्टन को 3-3 विकेट मिले। कैट क्रॉस, नैट सिवर-ब्रंट और चार्ली डीन को 1-1 सफलता मिली, जबकि एक बैटर रन आउट हुईं।
भारत से डेब्यूटांट शुभा सतीश ने 69 और जेमिमा रोड्रिग्ज ने 68 रन बनाए। यस्तिका भाटिया 66 और दीप्ति शर्मा 67 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि हरमनप्रीत कौर ने 49 और स्नेह राणा ने 30 रन की पारी खेली।
इंग्लैंड 136 पर ढेर, सिवर-ब्रंट की फिफ्टी
दूसरे दिन इंग्लैंड ने अपनी पारी शुरू की लेकिन उनकी शुरुआत खराब रही। टीम ने 28 रन पर ही सोफिया डंकली और कप्तान हीथ नाइट के विकेट गंवा दिए। दोनों 11-11 रन ही बना सकीं। नंबर-4 पर उतरीं नैट सिवर-ब्रंट ने 59 रन की पारी खेली, लेकिन उनके सामने टैमी ब्यूमोंट 10, डेनिले व्याट 11, एमी जोन्स 12, कैट क्रॉस 1 और लौरेन फिलर 5 रन ही बना सकीं।


