विजय हजारे ट्रॉफी 2023 में लगातार शानदार मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। दिल्ली का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में काफी निराशाजनक प्रदर्शन रहा। इसके चलते वह ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो गए।
नई दिल्ली: दिल्ली का विजय हजारे ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट में निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा और उसकी टीम मंगलवार को ग्रुप चरण में बाहर हो गई। वह अपने आखिरी मैच में उत्तराखंड से 51 रन से हारने के कारण प्रतियोगिता से बाहर हो गई। दिल्ली की यह सात मैच में चौथी हार थी, जिससे वह ग्रुप सी में 12 अंक लेकर पांचवें स्थान पर रहा।हरियाणा ने अपने सभी मैच जीते और वह 28 अंक लेकर सभी भागीदार टीमों में शीर्ष पर रहा। जिन टीमों ने क्वार्टर फाइनल के लिए सीधे क्वालीफाई किया उनमें हरियाणा (28 अंक), राजस्थान (24), कर्नाटक (24), विदर्भ (20), मुंबई (20) और तमिलनाडु (20) शामिल हैं। प्री-क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली चार टीमें बंगाल (20), गुजरात (20), केरल (20) और महाराष्ट्र (20) हैं।दिल्ली के बल्लेबाजों ने फिर से निराशाजनक प्रदर्शन किया। तेज गेंदबाज नवदीप सैनी और बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष त्यागी के तीन-तीन विकेट की मदद से दिल्ली ने उत्तराखंड को 45.5 ओवर में 221 रन पर आउट कर दिया था, लेकिन उसके बल्लेबाज नहीं चले और उसकी पूरी टीम 46.2 ओवर में 170 रन पर आउट हो गई।


