नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया (IND vs AUS) को 6 रनों से हराकर, पांच टी20I की सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली है. सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में युवा प्लेयर्स से सजी भारतीय टीम का इस सीरीज में प्रदर्शन बेहतरीन रहा. यशस्वी जायसवाल,ऋतुराज गायकवाड़, रवि बिश्नोई, अक्षर पटेल और रिंकू सिंह जैसे प्लेयर्स ने अपने प्रदर्शन से खास छाप छोड़ी.बेंगलुरु में खेले गए इस मैच में भारतीय टीम ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बल पर अपने 160 रन के छोटे स्कोर को बखूबी डिफेंड किया और जीत हासिल की.
ऑस्ट्रेलिया के आमंत्रण पर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने श्रेयस अय्यर के 53 और अक्षर पटेल के 31 रनों की मदद से लड़खड़ाते हुए 20 ओवर्स में 8 विकेट खोकर 160 रन बनाए. माना जा रहा था कि इस छोटे स्कोर को डिफेंड करना ‘सूर्या ब्रिगेड’ के लिए आसान नहीं होगा लेकिन बॉलर्स ने लगातर विकेट लेकर मैथ्यू वेड की कंगारू टीम को दबाव में रखा. ऑस्ट्रेलिया के लिए बेन मैक्डरमोट ने सर्वाधिक 54 रन बनाए जबकि भारत के लिए मुकेश कुमार ने सर्वाधिक तीन व अर्शदीप सिंह व रवि बिश्नाई ने दो-दो विकेट लिए. पूरी सीरीज में शानदार गेंदबाजी के लिए बिश्नोई प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किए गए जबकि अक्षर पटेल ने लगातार दूसरे मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता.


