
कोलंबो। श्रीलंका के विश्व कप में खराब प्रदर्शन के बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को भंंग कर अर्जुन रणतुंगा को बोर्ड का अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया है। श्रीलंका को विश्व कप में 7में से 5मैचों में पराजय मिली। श्रीलंका 1996 का विश्व विजेता है। तब टीम के कप्तान अर्जुन रणतुंगा ही थे।
खेल मंत्री रोशन रणसिंघे के कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘देश के 1996 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान अर्जुन रणतुंगा को नए अंतरिम बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इससे पहले, भारत से मिली हार के बाद खेल मंत्री रोशन रणसिंघे ने शुक्रवार के अपने एक बयान में श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को देशद्रोही और भ्रष्ट कहा था। उन्होंने बोर्ड के सदस्यों से इस्तीफा देने की मांग की थी। इसके बाद, श्रीलंका क्रिकेट के सचिव मोहन डी सिल्वा ने 4 नवंबर को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
श्रीलंका सात मैच में दो जीत के साथ 4 पॉइंट्स लेकर पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर है। श्रीलंका को साउथ अफ्रीका ने 102 रन से, पाकिस्तान ने 6 विकेट से, ऑस्ट्रेलिया ने 5 विकेट से, अफगानिस्तान ने 7 विकेट से और भारत ने 302 रन से हराया था। वहीं श्रीलंका ने नीदरलैंड को 5 विकेट से और इंग्लैंड को 8 विकेट से हराया था।


