पुणे/अफगानिस्तान ने वर्ल्ड कप 2023 में तीसरी जीत हासिल की है। टीम ने सोमवार को 1996 की वर्ल्ड चैंपियन श्रीलंका को 7 विकेट से हराया। अफगानिस्तान इस सीजन में अब तक 3 पूर्व चैंपियन टीमों को हरा चुका है। इससे पहले टीम ने पाकिस्तान और इंग्लैंड को भी मात दी थी।
अब अफगानिस्तान के 6 मैचों में 6 अंक हो चुके हैं और टीम सेमीफाइनल की रेस में बरकरार है। दूसरी ओर, श्रीलंका की टीम इस हार के बाद टॉप-4 की रेस से लगभग बाहर हो चुकी है। उनके पास 6 मैचों में 4 ही पॉइंट्स हैं।
पुणे के मैदान पर अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी। श्रीलंकाई टीम 49.3 ओवर में 241 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में अफगानिस्तान ने 45.2 ओवर में 3 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया।
अफगानिस्तान से अजमतुल्लाह ओमरजई (73), रहमत शाह (62 रन), कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी (58 रन) और ओपनर इब्राहिम जादरान (39 रन) ने अहम पारियां खेलीं। उनसे पहले फजलहक फारूकी ने 4 और मुजीब उर रहमान ने 2 विकेट झटके थे।
पॉइंट्स टेबल: 5वें नंबर पर आए अफगान, श्रीलंका छठे पर पहुंचा
अफगानिस्तान की टीम इस जीत के बाद वर्ल्ड कप 2023 के पॉइंट्स टेबल में 5वें नंबर पर आ गई है। टीम के खाते में 6 मुकाबलों के बाद 3 जीत और 3 हार से 6 अंक हैं, वहीं श्रीलंका की टीम चौथी हार के बाद छठे नंबर पर फिसल गई है। टीम के पास 6 मैचों के बाद 4 अंक हैं। इनमें 2 जीत और 4 हार शामिल हैं।
शहीदी-ओमरजई ने जीत तक पहुंचाया, शहीदी-ओमरजई के अर्धशतक 131 रन पर शाह का विकेट गंवाने के बाद कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी ने अजमतुल्लाह ओमरजई के साथ मिलकर टीम को जीत दिला दी। आखिरी के 15.2 ओवर में 104 बॉल पर 111 रन की अटूट साझेदारी की। दोनों ने अर्धशतक जमाए।
मिडिल ओवर में जादरान और शाह आउट, 89 रन बने
पावरप्ले में शानदार शुरुआत के बाद अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान और रहमत शाह ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 97 बॉल पर 73 रन की पार्टनरशिप की।
17वें ओवर की 5वीं बॉल पर दिलशान मदुशंका ने जादरान को पवेलियन लौटाया। मदुशंका को दूसरा विकेट मिला।
यहां से शाह ने कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी के साथ तीसरे विकेट के लिए 67 बॉल पर 58 रन जुटाए। 28वें ओवर की आखिरी बॉल पर कसुन रजिथा ने रहमत शाह को पवेलियन लौटाया। 30 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 139/3 रहा।
पावरप्ले-1 में अफगानिस्तान की फिफ्टी
242 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान टीम की शुरुआत खराब रही। टीम ने पहले ही ओवर में रहमानुल्लाह गुरबाज का विकेट गंवा दिया। गुरबाज खाता भी नहीं खोल सके। गुरबाज के बाद उतरे रहमत शाह ने इब्राहिम जादरान के साथ पारी आगे बढ़ाई। दोनों ने फिफ्टी पार्टनरशिप की और 10 ओवर में टीम का कोई और विकेट नहीं गिरने दिया। 10 ओवर के बाद अफगानी टीम का स्कोर 50/1 रहा।
श्रीलंकाई पारी में एक भी फिफ्टी नहीं
पुणे के मैदान पर सोमवार को श्रीलंका की ओर से ओपनर पथुम निसांका ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए, जबकि कप्तान कुसल मेंडिस ने 39 रन की पारी खेली। सदीरा समरविक्रमा ने 36 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से फजलहक फारुकी ने 4 विकेट लिए। मुजीब उर रहमान को 2 विकेट मिले।
