धर्मशाला/ICC वर्ल्ड कप-2023 में अपने पांचों वन-डे मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर काबिज भारतीय क्रिकेट टीम हिमाचल के धर्मशाला में रिलैक्स कर रही है। 22 अक्टूबर को धर्मशाला स्टेडियम में भारत ने न्यूजीलैंड को हराया था। अब खिलाड़ियों को ब्रेक मिला है।
भारतीय खिलाड़ी 25 अक्टूबर तक धर्मशाला में ही रुककर खुद को आगे के मुकाबलों के लिए तैयार कर रहे हैं। टीम इंडिया का अगला मैच 29 अक्टूबर को लखनऊ में 2019 की चैंपियन इंग्लैंड से है। उसके बाद 2 नवंबर को श्रीलंका से मुंबई में और फिर 5 नवंबर को कोलकाता में साउथ अफ्रीका से मैच होना है।
विराट कोहली ने होटल में ही धूप का आनंद लेते हुए बर्फ से ढंकी चोटियों को निहारा। इसके अलावा वह कांगड़ा स्थित चिन्माया तपोवन आश्रम में भी गए। वहीं रोहित शर्मा ने अपने फैंस के साथ फोटो खिंचवाई।

जीत की खुशी में स्पेशल डिनर पार्टी हुई
ICC टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड के खिलाफ लगभग 20 साल बाद मिली जीत की खुशी में 23 अक्टूबर को होटल में ही टीम इंडिया के लिए विशेष डिनर पार्टी रखी गई। इस पार्टी में कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल समेत सभी क्रिकेटर, कोच और सपोर्टिंग स्टाफ शामिल हुआ।
इसके अलावा डिनर पार्टी में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, आइपीएल चेयरमैन अरुण धूमल के अलावा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) के पदाधिकारियों ने भी शिरकत की। इस दौरान HPCA की ओर से भारतीय क्रिकेटरों के मनोरंजन के लिए कल्चरल प्रोग्राम का आयोजन भी किया गया।

न्यूजीलैंड की टीम दलाई लामा से मिली
वहीं न्यूजीलैंड की टीम भी धर्मशाला में ही रुकी हुई है। न्यूजीलैंड के क्रिकेटरों ने यहां तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा से मुलाकात की और यहां के मशहूर टूरिस्ट स्पॉट देखे। खिलाड़ी मंगलवार सुबह अपने कैप्टन केन विलियमसन के साथ मैक्लोडगंज पहुंचे और तिब्बतियों के सर्वोच्च आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा से मिलकर उनका आशीर्वाद लिया।
दलाई लामा से मिलने के बाद न्यूजीलैंड के क्रिकेटर धर्मकोट, नड्डी व भागसूनाग घूमने गए। टीम के कुछ खिलाड़ी ट्रैकिंग पर त्रियुंड भी गए। इससे पहले सोमवार को न्यूजीलैंड के कई खिलाड़ी अपनी फैमिली के साथ पालमपुर के मशहूर चाय बागान देखने गए और वहीं पर एक होटल में डिनर किया।
