कोरिया/कोरिया में आज से शुरू हुई एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में सरबजोत सिंह ने 10 मीटर पिस्टल में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत को ओलिंपिक कोटा दिलाया है। इसके साथ ही 2024 पेरिस ओलिंपिक के लिए शूटिंग में भारत को आठ कोटे हो गए हैं। सरबजोत ने पिस्टल में पहला कोटा दिलवाया है।
गोल्ड और सिल्वर चीनी शूटर ने जीता
फाइनल में सरबजोत ने 221.1 स्कोर कर ब्रॉन्ज जीता। जबकि गोल्ड और सिल्वर चीनी शूटरों ने जीता। झांग यिफान 243.7 अंक के साथ गोल्ड और लियू जिनयाओ ने 242.1 स्कोर के साथ सिल्वर मेडल जीता।
क्वालिफाइंग में आठवें स्थान कर किया था क्वालिफाई
सरबजोत सिंह ने इससे पहलेक क्वालिफाइंग राउंड में 581 स्कोर के साथ आठवें स्थान पर थे। वहीं अन्य भारतीय शूटर वरुण तोमर 578 अंकों के साथ 16वें और 577 अंकों के साथ कुणाल राणा 17वें स्थान पर रहे। जबकि शिवा 576 अंकों के साथ 20वें स्थान पर रहे और सौरभ चौधरी 569 अंकों के साथ 35वें स्थान पर रहे।
चीन के दो कोटा हासिल करने की वजह से भारत को मिला कोटा
चीन के दो कोटा हासिल करने की वजह से भारत को 10 मीटर एयर पिस्टल में कोटा मिला। चूंकि पहले दो स्थान पर चीनी शूटर रहे। पर चीन ने पहले ही 10 मीटर एयर पिस्टल में दो कोटा हासिल कर चुका है। ऐसे में इस इवेंट में तीसरे स्थान पर रहने वाले सरबजोत सिंह को कोटा हासिल करने में सफलता मिली।
कोई भी महिला शूटर 10 मीटर एयर पिस्टल में टॉप आठ में नहीं पहुंच सकी
विमेंस के 10 मीटर एयर पिस्टल में पांचों भारतीय शूटरों में से कोई भी शूटर टॉप आठ में जगह नहीं बना पाई। रिदम सांगवान ने 577 अंकों के साथ 11 वें स्थान पर रही। जबकि ईशा सिंह ने 576 स्कोर के साथ 13वें, सुरभि राव 575 अंकों के साथ 15वें, रुचिता विनेरकर 571 अंकों के साथ 22वें और पलक 570 स्कोर के साथ 25वें स्थान पर रही।
