अहमदाबाद/आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 (ODI World Cup 2023) में 14 अक्टूबर को अहमदाबाद में भारत बनाम पाकिस्तान ( India vs Pakistan) मैच को “द्विपक्षीय सीरीज’ जैसी बताने पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के डायरेक्टर मिकी आर्थर (Mickey Arthur) के बयान के बाद अब आईसीसी का इस पर रिएक्शन आया है.
आर्थर ने अपनी टीम की सात विकेट से हार के बाद स्वीकार किया कि अहमदाबाद के खचाखच भरे नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पाकिस्तान को भारत के दर्शकों से पक्षपातपूर्ण रवैये का सामना करना पड़ा. मैदान पर पाकिस्तानी प्रशंसक नहीं थे क्योंकि किसी भी फैंस को वीजा नहीं दिया गया. केवल कुछ ही पाकिस्तानी पत्रकार ही मैच को कवर करने के लिए समय पर पहुंचे थे.आर्थर ने मैच के बाद कहा था, “देखिए, मैं झूठ बोलूंगा अगर मैं कहूं कि इससे हम प्रभावित नहीं हुए. ईमानदारी से कहूं तो यह आईसीसी इवेंट जैसा नहीं लग रहा था. यह द्विपक्षीय सीरीज लग रही थी. यह बीसीसीआई इवेंट जैसा लग रहा था.”आर्थर के उस कमेंट्स पर प्रतिक्रिया देते हुए आईसीसी के अध्यक्ष ग्रेग बार्कले ने मुंबई में कहा, “हम जो भी आयोजन करते हैं, उसकी हमेशा थोड़ी बहुत तो आलोचना होती ही है. हम इन चीजों पर काम करने की कोशिश करेंगे, उन्हें बेहतर करने की कोशिश करेंगे… लेकिन अभी यह केवल शुरुआत है.”उन्होंने आगे कहा, ” देखते हैं कि चीजें कैसे चलती है और हम आगे बढ़ेंगे और हम समीक्षा करेंगे कि क्या है बदलाव कर सकते हैं. हम क्या बेहतर कर सकते हैं. हम विश्व कप और क्रिकेट से संबंधित सामान्य पेशकश को कैसे बेहतर बना सकते हैं. मैं संतुष्ट हूं कि यह अभी भी एक शानदार विश्व कप होगा.”
