19वें एशियन गेम्स में तीसरे दिन हांगझोउ में भारत को 3 मेडल मिला। घुड़सवारी टीम ने आज का पहला गोल्ड मेडल दिलाया। सुदिप्ती हजेला, दिव्यकृति सिंह, हृदय छेड़ा और अनुष अगरवल्ला की जोड़ी ने इस इवेंट में 41 साल बाद देश के लिए गोल्ड जीता।
भारत के इबाद अली ने मेंस सेलिंग में ब्रॉन्ज मेडल जीता। उनसे पहले नेहा ठाकुर ने 28 पॉइंट के साथ विमेंस सेलिंग में सिल्वर मेडल जीता था। इनके साथ ही भारत के एशियन गेम्स में अब 14 मेडल हो गए हैं, जिनमें तीन गोल्ड शामिल हैं।
मंगलवार को स्विमिंग में मेंस की 4 गुणा 100 मीटर मेडले रिले टीम नेशनल रिकॉर्ड के साथ फाइनल में पहुंच गई है। अंकिता रैना टेनिस के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। इससे पहले मंगलवार को भारत ने हॉकी में सिंगापुर को 16-1 से हराया। इसके अलावा जूडो में दो खिलाड़ियों ने क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया।
भारत ने अब तक घुड़सवारी टीम इवेंट, महिला विमेंस क्रिकेट टीम और मेंस शूटिंग की 10 मीटर टीम एयर राइफल इवेंट में 3 गोल्ड जीते हैं।
तीसरे दिन विभिन्न खेलों में प्रदर्शन
घुड़सवारी: 41 साल बाद गोल्ड मेडल
घुड़सवारी के टीम ड्रेसेज इवेंट में भारत ने ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीता। सुदिप्ती हजेला, दिव्यकृति सिंह, हृदय छेड़ा और अनुष अगरवल्ला की जोड़ी ने देश को 41 साल बाद घुड़सवारी में गोल्ड मेडल दिलाया। इससे पहले देश को 1982 में घुड़सवारी का गोल्ड मिला था।
सेलिंग- एक ब्रॉन्ज और एक सिल्वर
इबाद अली ने मेंस सेलिंग में ब्रॉन्ज और नेहा ठाकुर ने विमेंस सेलिंग में सिल्वर मेडल जीता।
हॉकी- भारत ने सिंगापुर को मेडल की होड़ से किया बाहर
तीसरे दिन भारत ने एशियन गेम्स में हॉकी में सिंगापुर को 16-1 से हराकर अच्छी शुरुआत की। भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह ने 4 और मंदीप सिंह ने 3 गोल किए। इनके अलावा वरुण कुमार, अभिषेक ने 2-2 गोल किए।

जूडो: तूलिका मान ब्रॉन्ज मेडल से चूकी
जूडो में तूलिका मान 75 किलो वेट कैटेगिरी में ब्रॉन्ज मेडल से चूक गईं। वहीं अवतार सिंह भी पुरुषों के 100 किग्रा क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला UAE के दजफर कोस्तोव से होगा।
फेंसिंग: भवानी देवी का एशियन गेम्स का सफर क्वार्टर फाइनल में समाप्त
फेंसिंग में भवानी देवी के एशियन गेम्स में मेडल जीतने की उम्मीद मंगलवार को क्वार्टर फाइनल में खत्म हो गई। भवानी को सेबर इवेंट के क्वार्टर फाइनल में दुनिया की 11वें नंबर की खिलाड़ी से 7-15 से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले भवानी 6 मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में पहुंची थीं। उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत सिंगापुर की जूलियत जी मिन हेंग को 5-2 से हरा कर की थी। उसके बाद उन्होंने सऊदी अरब की अलहस्ना अलहम्मद को 5-1 से हराया। इसके बाद कजाकिस्तान की करीना दोस्पायोक को 5-3 से मात दी। वहीं पूल मैचों में उज्बेकिस्तान की जैनब डेइबेकोवा और बांग्लादेश की रोकसाना खातून को हराया था।
शूटिंग: 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम चौथे स्थान पर रही
10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड में रमित और दिव्यांश सिंह को ब्रॉन्ज मेडल के इवेंट में हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, अभी 10 मीटर एयर पिस्टल में मेडल की उम्मीद बरकरार है। मनु भाकर का इवेंट अभी होना है।
टेनिस: अंकिता रैना क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं
टेनिस विमेंस सिंगल्स के तीसरे राउंड में अंकिता रैन ने हॉन्गकॉन्ग की आदित्या करुणारत्ने को हराया। उन्होंने 6-1, 6-2 के अंतर से मुकाबला जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
स्विमिंग: मेंस मेडले रिले टीम फाइनल में
स्विमिंग में मेंस की 4 गुणा 100 मीटर मेडले रिले टीम नेशनल रिकॉर्ड के साथ फाइनल में पहुंच गई है। हीट में नटराज, लिखित सेल्वराज, साजन प्रकाश और तनिष जॉर्ज मैथ्यू की चौकड़ी 3:40.84 मिनट का समय लेकर दूसरे स्थान पर रही और फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। उन्होंने जकार्ता में नटराज, संदीप सेजवाल, प्रकाश, आरोन डिसूजा के बनाए 3:44.94 मिनट के समय के रिकॉर्ड को तोड़ा।
