ऑयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में भारतीय टीम ने 7 विकेट से जीत हासिल की। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में युजवेंद्र चहल प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने 3 ओवर में 11 रन देकर एक विकेट लिया। मैच के दौरान युजवेंद्र चहल ने 3 स्वेटर पहन रखे थे। युजवेंद्र चहल ने इसके पीछे आयरलैंड की सर्दी और हार्दिक पंड्या को जिम्मेदार ठहराया। हार्दिक पंड्या का नाम सुनकर आप भी चौंक गए होंगे, लेकिन चहल ने प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल करने के बाद यह राज खोला।
युजवेंद्र चहल ने कहा, ‘मैं आज समझ नहीं पा रहा था कि मैं स्पिनर हूं, कंडीशन इतनी मुश्किल थी। कभी-कभी यह कठिन होता है, लेकिन आपको हर परिस्थिति के साथ सामंजस्य बैठाना पड़ता है। मैं इस मौसम से बिल्कुल भी ठीक महसूस नहीं कर रहा हूं, मैंने तो तीन स्वेटर पहन रखे हैं।’युजवेंद्र चहल ने अपनी ठंड का कनेक्शन हार्दिक पंड्या से भी बताया। उन्होंने कहा, ‘हार्दिक की कप्तानी में टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का माहौल बहुत कूल है। वह मुझे और अन्य खिलाड़ियों को अपना प्लान अमल में लाने की पूरी तरह से आजादी दे रहे हैं। उनके कारण टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का तापमान काफी गिर गया है और मुझे 3-3 स्वेटर पहनने पड़े। इसके बावजूद मेरा जाड़ा दूर नहीं भाग रहा है।’
