ITTF Rankings: मनिका बत्रा और अर्चना गिरीश कामथ की जोड़ी महिलाओं की डबल्स टेबल टेनिस की वर्ल्ड रैंकिंग में टॉप-5 में पहुंच गई हैं। भारतीय महिला युगल जोड़ी अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस महासंघ (आईटीटीएफ) की लेटेस्ट वर्ल्ड रैंकिंग में दो पायदान चढ़कर चौथे नंबर पर पहुंच गई हैं। इस भारतीय जोड़ी के 1501 अंक हैं। बत्रा और कामथ ने पिछले सप्ताह डब्ल्यूटीटी दोहा 2022 टूर्नामेंट में चीनी ताइपे की जोड़ी ली यू झुन और चेंग आई चिंग से सेमीफाइनल में हारने के बाद ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था। चीन की वांग मन्यु और सुन यिंगशा की जोड़ी 4289 अंकों के साथ महिला डबल्स रैंकिंग में शीर्ष पर है। उनके बाद जापान की मीमा इतो और हिना हयाता तथा लक्जमबर्ग की ज़िया लियान नी और सारा डी नुट्टे का नंबर आता है।
