वेलिंटन: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का चौथा मुकाबला वेलिंगटन में खेला गया। इस मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया, जो टीम इंडिया के लिए पूरी तरह गलत साबित हुआ। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 259 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। 260 रनों के जवाब में टीम इंडिया 172 रन ही बना सकी और न्यूजीलैंड ने इस मैच को 87 रनों से जीत लिया।
ग्लेन फिलिप्स के शतक से 260 रनों पर पहुंचा न्यूजीलैंड
कीवी टीम की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने महज 49 गेंदों पर 107 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेली, जबकि माइकल ब्रेसवेल ने सिर्फ 25 गेंदों पर 65 रन ठोक डाले। इन दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने पहाड़ जैसा लक्ष्य खड़ा किया और भारत के सामने जीत के लिए 260 रनों की चुनौती रखी।
260 के लक्ष्य के आगे ताश के पत्तों की तरह ढहा टॉप ऑर्डर, संजू और ईशान रहे फ्लॉप
260 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम इंडिया ने पहले ही ओवर में अपने दो बड़े विकेट गंवा दिए। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन महज 4 रन बनाकर आउट हुए, जबकि वापसी कर रहे ईशान किशन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद उम्मीद थी कि अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर पारी को संभालेंगे, लेकिन दोनों बल्लेबाज टीम को संकट से नहीं उबार सके।
भारत ने सिर्फ 56 रन के स्कोर तक अपने 4 अहम विकेट गंवा दिए थे। अभिषेक शर्मा ने 15 गेंदों में 27 रन बनाए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर 11 गेंदों में 22 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद निचले क्रम में नितीश कुमार रेड्डी ने 10 गेंदों में 21 रन और नमनदीप ने 13 गेंदों में 28 रन बनाए, लेकिन तिलक वर्मा ने अंत में फाइट जरूर की लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ यह टीम इंडिया की तीसरी बड़ी बार है। न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया की सबसे बड़ी हार साल 2023 में अहमदाबाद में आई थी। उस मैच में टीम इंडिया को 168 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं टीम इंडिया की दूसरी बड़ी हार न्यूजीलैंड के खिलाफ 96 रनों की है। वह मैच साल 2026 में अहमदाबाद में ही खेला गया था।
टूटा क्लीन स्वीप का सपना, अब 3-1 पर पहुंची टी-20 सीरीज
इस करारी हार के साथ ही न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम का मेजबानों को क्लीन स्वीप (5-0) करने का सपना टूट गया है। हालांकि, भारतीय टीम शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर पहले ही 5 मैचों की टी-20 सीरीज पर अपना कब्जा जमा चुकी है और फिलहाल सीरीज में 3-1 से आगे चल रही है। वेलिंगटन की हार से सबक लेते हुए टीम इंडिया अब सीरीज के पांचवें और आखिरी मुकाबले को जीतकर शानदार अंत करना चाहेगी। भारतीय टीम की कोशिश होगी कि वह आखिरी मैच जीतकर सीरीज को 4-1 से अपने नाम करे और न्यूजीलैंड दौरे का समापन जीत के साथ करे।


