नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ ने घरेलू क्रिकेट में अपने बल्ले से तहलका मचा दिया है। वीनू मांकड़ ट्रॉफी एलीट टूर्नामेंट में कर्नाटक टीम की कप्तानी कर रहे 17 वर्षीय अन्वय ने गुजरात के खिलाफ महज 100 गेंदों में 151 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेली। उनकी इस आक्रामक और जिम्मेदार पारी की बदौलत कर्नाटक ने गुजरात द्वारा रखे गए 358 रनों के विशाल लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया।
कर्नाटक को मिला था बड़ा टारगेट
विशाखापत्तनम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की शुरुआत धीमी रही। हालांकि, समीर भंडारी और यश पंजवानी के बीच पांचवें विकेट के लिए हुई 217 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी के दम पर गुजरात ने बोर्ड पर 357 रनों का विशाल स्कोर टांग दिया। इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करना कर्नाटक के लिए आसान नहीं था और शुरुआती दो विकेट जल्दी गिर जाने से टीम दबाव में नजर आ रही थी।
अन्वय द्रविड़ की शानदार पारी
मुश्किल स्थिति में कप्तान अन्वय द्रविड़ ने ध्रुव कृष्णन के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 204 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी कर टीम की वापसी कराई। ध्रुव के आउट होने के बाद भी अन्वय ने एक छोर संभाले रखा और अनिकेत रेड्डी के साथ मिलकर स्कोर को लक्ष्य के बेहद करीब पहुंचा दिया। आखिरकार अनिकेत और तेजस रेड्डी ने कर्नाटक को 5 विकेट से शानदार जीत दिला दी।
लगातार चल रहा बल्ला
यह इस टूर्नामेंट में अन्वय का लगातार दूसरा शानदार प्रदर्शन है। इससे पहले दिल्ली के खिलाफ खेले गए पिछले मुकाबले में भी उन्होंने मात्र 41 गेंदों में 85 रनों की आतिशी पारी खेली थी, जिसकी बदौलत कर्नाटक ने 418 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। पिछले साल नवंबर में अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की अंडर-19 टीम में डेब्यू करने वाले अन्वय अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों से चयनकर्ताओं का ध्यान खींच रहे हैं।


