पुडुचेरी । ऑस्ट्रेलिया की ए टीम अभी भारत के दौरे पर है, जहां दो टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का पहला टेस्ट मुकाबला भारत ए ने शानदार तरीके से जीतने में कामयाबी हासिल की है। मुकाबले के चौथे दिन दूसरे ही सेशन में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को बुरी तरह से पटक दिया है। दो मैचों की सीरीज में भारत की अब 1-0 की लीड हो चुकी है। अभी एक और टेस्ट खेला जाएगा, उसके बाद वनडे सीरीज शुरू होगी।
भारत ने पहला मैच 162 रनों से अपने नाम किया
भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच खेला गया पहला टेस्ट भारत ने 162 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया है। मैच के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया के सामने बड़ा लक्ष्य था, लेकिन टीम उसे हासिल करने में सफल नही रही। भारत ने मैच की पहली पारी में 334 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी पहली पारी में केवल 171 रन ही बना सकी। यानी भारत को पहली पारी के आधार पर लीड मिल गई थी। इसके बाद भारत ने अपनी दूसरी पारी में 199 रन बनाए थे। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के सामने बड़ा लक्ष्य था।
दूसरी पारी में नहीं चली ऑस्ट्रेलिया की बैटिंग
ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी दूसरी पारी में केवल 200 रन ही बना सकी और आउट हो गई। इस तरह से भारतीय टीम ने इस मैच को 162 रनों से इसे जीत लिया। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम बुरी तरह से फ्लॉप रही, कोई भी बल्लेबाज 50 का भी आंकड़ा पार नहीं कर पाया। फर्गस ओ नील ने 52 बॉल पर 47 रन बनाए, वे इस मैच की दूसरी पारी में टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
टीम इंडिया के गेंदबाजों ने की जबरदस्त बॉलिंग
मैच की दूसरी पारी में भारतीय गेंदबाजों ने जबरदस्त गेंदबाजी कर जल्दी जल्दी विकेट गिरा दिए। तुषार देशपांडे और शम्स मुलानी ने तीन तीन विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर धकेल दिया। अंशुल कम्बोज और तनुष कोटियान ने भी दो दो विकेट अपने नाम किए। सीरीज का दूसरा मुकाबला 29 सितंबर से पुडुचेरी में ही होगा। इसके बाद तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। जिसका आगाज 6 अक्टूबर से होने जा रहा है।


