कोलंबो: भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंकाई टीम ने अपनी पहली पारी में 83.4 ओवरों में 8 विकेट खोकर 265 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम द्वारा बनाए गए 503 रनों के विशाल स्कोर के जवाब में मेजबान टीम अभी भी 238 रन पीछे है और उस पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है।
श्रीलंका को लगातार लगे झटके
दिन की शुरुआत श्रीलंका के लिए काफी खराब रही, जब 8 रन पर 2 विकेट से आगे खेलने उतरी टीम को शुरुआती झटके लगे। कामिल मिशारा 19 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बने, जबकि कप्तान धनंजय डी डील्वा भी महज 8 रन बनाकर सस्ते में पवेलियन लौट गए। इसके अलावा कामिंडु मेंडिस ने 32 रनों का योगदान दिया लेकिन वे भी अपनी पारी को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके और निरोशन डिकवेला बिना खाता खोले आउट हो गए।
पासिंदु ने खेली 80 रन की पारी
शुरुआती झटकों के बाद पासिंदु सूरियाबंदरा और सोनाल दिनुषा ने श्रीलंकाई पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई। सूरियाबंदरा ने 133 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 80 रनों की बेहद जुझारू पारी खेली, जिसे रविंद्र जडेजा ने बोल्ड करके समाप्त किया। वहीं दूसरे छोर पर सोनाल दिनुषा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 137 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 85 रन बना लिए हैं और वे दिन का खेल खत्म होने तक क्रीज पर डटे हुए हैं।
भारतीय गेंदबाजों का कमाल
भारतीय गेंदबाजों ने पूरे दिन अनुशासित गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका पर दबाव बनाए रखा। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने 14 ओवरों में 47 रन देकर 3 अहम विकेट हासिल किए, जबकि स्पिनर मानव सुथार ने भी 21 ओवरों में 83 रन खर्च करके 3 विकेट चटकाए। इसके अलावा मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा को 1-1 सफलता मिली जबकि सरांश जैन किफायती रहने के बावजूद विकेट हासिल नहीं कर सके।
दिनुषा शतक के करीब
तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक सोनाल दिनुषा (85) के साथ लाहिरु कुमारा 8 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारतीय टीम चौथे दिन सुबह श्रीलंका के बाकी बचे 2 विकेट जल्दी निकालकर बड़ी बढ़त हासिल करने और मैच पर पूरी तरह शिकंजा कसने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।


