नई दिल्ली: पूर्व भारतीय ओपनिंग बल्लेबाज और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरुआती दो टी20 मैचों में युवा विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को प्लेइंग इलेवन में शामिल न किए जाने पर कड़े सवाल उठाए हैं। भारतीय टीम ने सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में गेंदबाज अशोक शर्मा और यश ठाकुर को तो डेब्यू का मौका दिया लेकिन बल्लेबाजी क्रम में वही खिलाड़ी नजर आए जो हाल ही में इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर खेले थे। आकाश चोपड़ा का मानना है कि जिम्बाब्वे जैसी टीमों के खिलाफ सीरीज का इस्तेमाल नए खिलाड़ियों को परखने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए था।
प्रभसिमरन सिंह को मौका ना देने पर बोले आकाश
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने सुझाव दिया कि दूसरे मैच में 81 रन की तूफानी पारी खेलने वाले ईशान किशन को आराम देकर प्रभसिमरन को आजमाया जा सकता था। उन्होंने मैनजमेंट पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘ईशान किशन को थोड़ा ब्रेक दिया जा सकता था। प्रभसिमरन सिंह आसानी से विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभाल लेते इसलिए आप उन्हें एक खिलाड़ी के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। प्रभ को मौका देने का यह सबसे मुफीद समय था।’
आखिर प्रभसिमरन सिंह की क्या गलती है?
प्रभसिमरन को बेंच पर बैठाए रखने पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए चोपड़ा ने आगे कहा, ‘आखिर प्रभसिमरन सिंह की क्या गलती है? आपने उन्हें टीम में चुना है और हमें बिल्कुल अंदाजा नहीं है कि आप उन्हें दोबारा कब चुनेंगे। जब आप पहले ही सीरीज जीत चुके हैं, तो फिर उन्हें मौका देने में क्या हर्ज है?’
पूरी सीरीज बैठे रहे बाहर
हैरानी की बात है कि इस सीरीज में 15 खिलाड़ियों को चुना गया, जिसमें से 14 खिलाड़ी खेले और 2 को डेब्यू का मौका भी मिला। लेकिन प्रभसिमरन इकलौते ऐसे खिलाड़ी रहे, जिन्हें एक भी बार प्लेइंग 11 में मौका नहीं दिया गया। ये एक ऐसी सीरीज थी जहां नए खिलाड़ियों को आजमाया जा सकता था, लेकिन इसके बावजूद भी प्रभसिमरन को ट्राए नहीं किया गया।


