फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच से पहले लियोनेल मेसी ने सोशल मीडिया पर अपनी टीम के लिए एक बहुत ही इमोशनल पोस्ट शेयर किया है। स्पेन के खिलाफ होने वाले इस बड़े मुकाबले से ठीक पहले, अर्जेंटीना के कप्तान मेसी ने कहा कि उनके लिए जीती हुई ट्रॉफियों से कहीं ज्यादा अपनी टीम के साथियों के साथ बिताया गया समय, मिलकर किया गया संघर्ष और वे यादगार पल सबसे ज्यादा मायने रखते हैं। मेसी के इस संदेश को देखकर कई फैंस को लग रहा है कि यह उनके इंटरनेशनल करियर और वर्ल्ड कप का आखिरी मैच हो सकता है। फाइनल के बाद वो संन्यास का ऐलान कर सकते हैं।
लियोनेल मेसी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया ये पोस्ट
लियोनेल मेसी ने इंस्टाग्राम पर अर्जेंटीना की पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ के साथ एक ग्रुप फोटो शेयर की। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि इन सभी सालों में सबसे अच्छी बात सिर्फ खिताब या ट्रॉफियां जीतना नहीं था, बल्कि पूरी टीम का साथ और यह सफर था। हर रोज एक साथ रहना, मिलकर मुकाबला करना, मुश्किल समय में एक-दूसरे को संभालना और हर पल का मजा लेना सबसे खास रहा। उन्होंने अपने सभी साथी खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और टीम के लिए काम करने वाले हर इंसान को धन्यवाद दिया, क्योंकि सबने मिलकर इस टीम को एक परिवार की तरह रखा है। उन्होंने आगे कहा कि कल मैच का नतीजा चाहे जो भी हो, इस टीम ने पहले ही एक ऐसा इतिहास रच दिया है जिसे हम कभी भूल नहीं सकते और न ही कोई इसे मिटा सकता है। आखिर में उन्होंने लिखा लेट्स गो अर्जेंटीना।
मेसी के इस मैसेज से पता चलता है कि वह अपनी टीम से कितना प्यार करते हैं। वह अर्जेंटीना की टीम को अपने परिवार जैसा मानते हैं। इसके साथ ही, उन्होंने फाइनल मैच से पहले अपने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाकर उनका दबाव कम करने की कोशिश की है। उनके इस संदेश का मतलब यह भी है कि टीम ने पहले ही इतने बड़े और शानदार काम कर दिए हैं, जिन पर हमेशा गर्व रहेगा।


