नई दिल्ली: एक तरफ जहां पूरी दुनिया पर फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खुमार छाया हुआ है, वहीं दूसरी तरफ जर्मन फुटबॉल की सबसे टीम बायर्न म्यूनिख ने टूर्नामेंट के बीच में ही एक बहुत बड़ा ट्रांसफर धमाका कर दिया है।
बायर्न म्यूनिख ने नीदरलैंड्स के मशहूर डच क्लब पीएसवी आइंडहोवन से खेल रहे मोरक्को के 25 साल के स्टार अटैकिंग मिडफील्डर इस्माइल सैबारी को आधिकारिक तौर पर अपनी टीम में शामिल कर लिया है। इस उभरते हुए युवा खिलाड़ी के टैलेंट को देखते हुए बायर्न म्यूनिख ने उनके साथ साल 2031 तक का एक बेहद लंबा और सुरक्षित कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है।
इस डील को लेकर फुटबॉल जगत में ट्रांसफर फीस की भी काफी चर्चा हो रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वर्ल्ड कप के ठीक बीचोंबीच हुई इस मेगा डील को पक्का करने के लिए बायर्न म्यूनिख ने लगभग 50 मिलियन यूरो, यानी करीब 542 करोड़ भारतीय रुपये की एक बहुत बड़ी रकम ट्रांसफर फीस के रूप में चुकाई है। दरअसल, यह ट्रांसफर पिछले कुछ हफ्तों से चर्चा में था और अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि टूर्नामेंट के दौरान जब मोरक्को की टीम न्यू जर्सी में अभ्यास कर रही थी, तब सैबारी इस ट्रांसफर से पहले होने वाले मेडिकल टेस्ट के लिए अपने एक ट्रेनिंग सेशन में भी शामिल नहीं हुए थे, ताकि वे इस जर्मन जायंट क्लब के साथ अपनी डील को समय रहते अंतिम रूप दे सकें।
इस्माइल सैबारी ने चालू फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपनी राष्ट्रीय टीम मोरक्को के लिए जिस स्तर का प्रदर्शन किया है, उसी का नतीजा है कि दुनिया के सबसे बड़े क्लबों में से एक ने उन पर इतना बड़ा दांव खेला है। मोरक्को को वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 16 तक पहुंचाने में सैबारी की भूमिका सबसे अहम रही है। उन्होंने टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज में खेलते हुए मोरक्को के तीनों मैचों में लगातार तीन शानदार गोल दागे। यही नहीं, सोमवार को नीदरलैंड्स जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खेले गए राउंड ऑफ 32 के बेहद दबाव वाले नॉकआउट मुकाबले में जब मैच पेनल्टी शूटआउट में गया, तो सैबारी ने ही अंतिम और विनिंग पेनल्टी को ठंडे दिमाग से गोल में बदलकर मोरक्को को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी।
बायर्न म्यूनिख की फॉरवर्ड लाइन अब दुनिया में सबसे खूंखार
इस्माइल सैबारी के टीम में आने से बायर्न म्यूनिख का फॉरवर्ड लाइन अब यूरोप ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में सबसे खतरनाक हो गया है। बायर्न म्यूनिख के पास पहले से ही इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन, जमाल मुसियाला, माइकल ओलिसे, लुइस डियाज, लेनार्ट कार्ल और सर्ज गनाब्री जैसे दुनिया के बेस्ट स्ट्राइकर्स और विंगर्स मौजूद हैं। अब इस अटैक में सैबारी के जुड़ जाने से विरोधी टीमों के डिफेंस को भेदना बायर्न के लिए और भी आसान हो जाएगा। बायर्न म्यूनिख के स्पोर्टिंग डायरेक्टर मैक्स एबरल ने भी इस डील पर खुशी जताते हुए कहा कि वे वर्ल्ड कप के सबसे रोमांचक खिलाड़ियों में से एक को अपने पाले में करके बेहद रोमांचित हैं।
बायर्न का अधूरा सपना पूरा
स्पेन में जन्मे लेकिन बचपन में बेल्जियम शिफ्ट होने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मोरक्को का प्रतिनिधित्व करने वाले सैबारी के लिए यह डील किसी सपने के सच होने जैसी है। उन्होंने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि हर बच्चा बचपन में बायर्न म्यूनिख जैसे दुनिया के सबसे बड़े क्लब के लिए खेलने का सपना देखता है, जो हर साल चैंपियंस लीग जीतने के लिए लड़ता है। दूसरी ओर, बायर्न म्यूनिख का पिछला सीजन घरेलू स्तर पर तो बेहतरीन रहा जहां उन्होंने बुंडेसलीगा और कप डबल का खिताब जीता और गोल करने का रिकॉर्ड बनाया, लेकिन वे यूईएफए चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल में PSG के हाथों 6-5 के कुल स्कोर से बाहर हो गए थे। अब सैबारी को साथ लेकर बायर्न म्यूनिख का एकमात्र लक्ष्य चैंपियंस लीग की उस अधूरी कसर को पूरा करना है।


