नई दिल्ली: स्पेनिश फुटबॉल जगत से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। लालीगा क्लब एल्शे के लिए खेलने वाले 28 साल के स्पेनिश स्ट्राइकर राफा मीर को यौन उत्पीड़न और चोट पहुंचाने के मामले में दोषी पाते हुए साढ़े आठ साल की जेल की सजा सुनाई गई है। पूर्वी वालेंसिया क्षेत्र की एक अदालत ने सोमवार को यह ऐतिहासिक फैसला सुनाया।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना सितंबर 2024 की है, जब राफा मीर वालेंसिया क्लब के लिए खेल रहे थे। अदालत के फैसले के अनुसार, राफा मीर और एक अन्य फुटबॉलर वालेंसिया के एक नाइटक्लब में दो युवा महिलाओं से मिले थे। इसके बाद वे सभी पार्टी जारी रखने के लिए राफा मीर के घर चले गए। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि मीर के घर पर उन्होंने स्विमिंग पूल और बाथरूम में एक महिला का यौन उत्पीड़न किया। घटना के बाद पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद सितंबर 2024 में ही मीर को गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि, उस समय मीर के वकील ने दावों को खारिज करते हुए कहा था कि दोनों के बीच संबंध आपसी सहमति से बने थे।
कोर्ट ने पीड़िता के बयान पर सुनाया फैसला
मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने पीड़िता के बयानों को पूरी तरह सही माना। कोर्ट ने कहा कि पीड़िता की गवाही को चश्मदीदों के बयानों और फोरेंसिक रिपोर्ट से भी पूरा समर्थन मिला है, जिससे राफा मीर का दोष साबित होता है। इसके लिए उन्हें 8 साल और 6 महीने की जेल और कोर्ट ने पीड़िता को 64,000 यूरो (लगभग 70 लाख रुपये) का मुआवजा देने का भी आदेश दिया है। हालांकि, कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह फैसला अंतिम नहीं है और राफा मीर इसके खिलाफ ऊपरी अदालत में अपील दायर कर सकते हैं।
क्लब सेविला ने की कड़ी निंदा
राफा मीर मूल रूप से प्रसिद्ध क्लब सेविला के खिलाड़ी हैं और वर्तमान में लोन पर एल्शे क्लब के लिए खेल रहे हैं। कोर्ट के इस फैसले के बाद सेविला क्लब ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कोर्ट के आदेश का सम्मान किया है। सेविला ने अपने बयान में कहा, ‘वालेंसिया की प्रांतीय अदालत द्वारा राफा मीर को सुनाई गई साढ़े आठ साल की सजा के फैसले का हम पूरी तरह सम्मान करते हैं। हमारा क्लब किसी भी प्रकार की हिंसा, दुर्व्यवहार या यौन उत्पीड़न की कड़े शब्दों में और स्पष्ट रूप से निंदा करता है। ऐसे आचरण के लिए हमारे समाज या खेल द्वारा दिए जाने वाले मूल्यों में कोई स्थान नहीं है।’


