नई दिल्ली। 13 जून से भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत होने वाली है। इस सीरीज की शुरुआत होने से पहले टीम इंडिया के फैंस के मन में रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या के फिटनेस को लेकर टेंशन बनी हुई है। वे दोनों इस सीरीज में खेलेंगे या नहीं इसको लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। इस बीच इन दोनों प्लेयर्स के फिटनेस को लेकर टीम इंडिया के कोच ने बड़ा बयान दिया है। वनडे सीरीज का पहला मैच धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में 13 जून को खेला जाएगा।
रोहित और हार्दिक की फिटनेस पर सितांशु कोटक ने क्या कहा?
अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खत्म होने के बाद सितांशु कोटक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए। इस दौरान उनसे रोहित और हार्दिक की फिटनेस को लेकर सवाल पूछा गया। सितांशु कोटक ने कहा है कि उन्हें अभी तक यह जानकारी नहीं मिली है कि अनुभवी खिलाड़ी रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या ने फिटनेस टेस्ट पास किया है या नहीं, लेकिन जो जानकारी उन्हें मिली है उसके मुताबिक दोनों खिलाड़ी पूरी तरह ठीक हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को टीम में तो चुना गया है, लेकिन वे तभी खेल पाएंगे जब वे अपना फिटनेस टेस्ट पास कर लेंगे।
आईपीएल के दौरान चोटिल हुए थे रोहित और हार्दिक
हाल ही में हुए आईपीएल के दौरान रोहित शर्मा की मांसपेशियों (हैमस्ट्रिंग) में खिंचाव आ गया था और हार्दिक पांड्या पीठ के दर्द से परेशान थे, जिसकी वजह से दोनों ही प्लेयर्स को आईपीएल के कुछ मैचों से बाहर बैठना पड़ा था। सितांशु कोटक ने इन दोनों के फिटनेस को लेकर कहा कि उन्हें अभी तक यह पक्की जानकारी नहीं मिली है कि रोहित और हार्दिक ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है या नहीं। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई है कि दोनों खिलाड़ी बिल्कुल ठीक हैं और जल्द ही नियमों के मुताबिक अपना फिटनेस टेस्ट पूरा करके टीम के साथ जुड़ जाएंगे।


