नई दिल्ली: इंडिया ए की टीम जून में श्रीलंका के दौरे पर जाएगी। वहां वनडे की ट्राई सीरीज होनी है। इसके लिए कुछ समय पहले ही इंडिया ए टीम का ऐसान हुआ था। टीम में उपकप्तान की जिम्मेदारी रियान पराग को मिली थी। आईपीएल में हुई इंजरी की वजह से रियान पराग इस दौरे से बाहर हो गए हैं। हैमस्ट्रिंग की इंजरी के बाद भी उन्होंने आईपीएल के आखिरी मैचों में हिस्सा लिया था। बीसीसीआई की सेंटर ऑफ एक्सीलेंस रियान का रिहैब देखेगी।
रुतुराज गायकवाड़ को मिली जगह
रियान पराग की जगह इंडिया ए की टीम में रुतुराज गायकवाड़ को शामिल किया गया है। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज घरेलू क्रिकेट में महाराष्ट्र के लिए खेलते हैं। रुतुराज को ही टीम का उपकप्तान भी नियुक्त किया गया है। टीम की कमान मुंबई इंडियंस के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा के हाथों में है।
9 जून से सीरीज की शुरुआत होगी
ट्राई सीरीज में इंडिया ए और श्रीलंका ए के अलावा अफगानिस्तान ए की टीम हिस्सा लेगी। 9 जून को इंडिया ए और श्रीलंका ए के मैच के साथ सीरीज की शुरुआत होगी। हर टीम एक दूसरे के खिलाफ 2-2 मैच खेलेगी। इसके बाद टेबल में टॉप पर रहने वाली दो टीमों के बीच 21 जून को फाइनल मुकाबला होगा।
ट्राई सीरीज के लिए इंडिया ए की टीम: तिलक वर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय।


