नई दिल्ली.पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ी मोहम्मद नवाज जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 के स्क्वाड का भी हिस्सा थे, वह ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद अब पीसीबी की जांच के दायरे में आ गए हैं। नवाज के मामले को लेकर अब पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड जांच करेगा, जिसके चलते वह इंग्लैंड में होने वाली टी20 ब्लास्ट में खेलने के लिए अब नहीं जा पाएंगे, जहां नवाज को सरे की टीम से इस टूर्नामेंट में खेलना था।
आईसीसी ने पीसीबी को दी इस मामले की जानकारी
मोहम्मद नवाज जो पाकिस्तानी टीम का एक अहम हिस्सा हैं उनके ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के जानकारी पीसीबी को आईसीसी की तरफ से दी गई। ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी की तरफ से जब पीसीबी को इस मामले की जानकारी दी गई तो उन्होंने जांच शुरू कर दी है और उसमें जो कुछ चीजें सामने आएंगी उसको लेकर पाकिस्तानी बोर्ड 22 अप्रैल को ही आईसीसी को जानकारी देगी। इसको लेकर पीसीबी की तरफ से मोहम्मद नवाज से संपर्क भी किया गया है।
टी20 वर्ल्ड कप के दौरान किया गया था टेस्ट
इस साल फरवरी-मार्च महीने में खेले गए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के दौरान मोहम्मद नवाज का ड्रग टेस्ट किया गया था, जिसमें पाकिस्तानी टीम ने टूर्नामेंट में अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेले थे और उनका सफर सुपर-8 स्टेज के साथ खत्म हो गया था। मोहम्मद नवाज ने टूर्नामेंट में बल्ले से जहां सिर्फ 15 रन बनाए थे तो वहीं सिर्फ 7 विकेट ही लेने में कामयाब हो सके थे। मोहम्मद नवाज ने 26 मई से 18 जुलाई तक होने वाले टी20 ब्लास्ट के लिए सरे से अनुबंध किया था, जिसमें उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अपनी उपलब्धता को लेकर पुष्टि भी की थी।
इसको लेकर पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड ने 2 हफ्ते पहले ही मोहम्मद नवाज को अनापत्ति प्रमाण पत्र यानी एनओसी जारी कर दी थी और सरे की तरफ से नवाज के जुड़ने की आधिकारिक जानकारी इसी हफ्ते दी जानी थी। हालांकि अब ऐसा नहीं हो पाएगा और इसको लेकर सरे की तरफ से अभी किसी भी तरह का बयान सामने नहीं आया है। मोहम्मद नवाज अभी पाकिस्तानी सुपर लीग के 11वें सीजन में मुल्तान सुल्तान टीम की तरफ से खेल रहे थे, जिसमें उन्होंने 8 मैचों में 32.66 के औसत से सिर्फ 6 विकेट ही हासिल किए हैं। इसके अलावा बल्लेबाजी में 18 के औसत से 36 रन ही बनाने में कामयाब हो सके।


