IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की खराब शुरुआत के बाद अब दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने टीम की कमजोरियों पर खुलकर बात की है। लगातार दो हार के बाद CSK की रणनीति पर सवाल उठने लगे हैं और गावस्कर ने साफ तौर पर टीम की सबसे बड़ी परेशानी की ओर इशारा किया है। चेन्नई सुपर किंग्स को इस सीजन के शुरुआती दोनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है, जिसमें पंजाब किंग्स के खिलाफ 5 विकेट की हार भी शामिल है। ऐसे में टीम के प्रदर्शन पर चर्चा तेज हो गई है।
गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स के शो Amul Cricket Live पर कहा कि अब तक जो हमने देखा है, उसके आधार पर पूरे टूर्नामेंट के लिए CSK की सबसे बड़ी चिंता उनकी गेंदबाजी होगी। इसका मतलब है कि उन्हें अपने गेंदबाजों को मौका देने के लिए लगातार 225-230 के आसपास स्कोर करना पड़ सकता है।
चेन्नई को गेंदबाजी में करना होगा सुधार
उन्होंने आगे कहा कि आजकल ज्यादातर टीमों की बल्लेबाजी काफी गहरी है, जैसे हमने पंजाब किंग्स में देखा, जहां मार्कस स्टोइनिस नंबर 7 पर आकर शानदार शॉट्स खेलते हैं। जब बाकी टीमें इतनी गहराई तक बल्लेबाजी कर रही हैं, तो चेन्नई को अपनी गेंदबाजी को दुरुस्त करना ही होगा।
इस मुकाबले में युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने 43 गेंदों में 73 रन बनाकर टीम को 209/5 तक पहुंचाया था। गावस्कर ने उनकी बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि नंबर 3 आयुष म्हात्रे के लिए सही जगह है। उन्होंने अंडर-19 में नीचे बल्लेबाजी की है, लेकिन नंबर 3 उन्हें सूट कर सकता है।
गावस्कर ने की रोहित शर्मा की तारीफ
उन्होंने आगे कहा कि पिछले मैच में वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे, लेकिन इसका असर उनकी बल्लेबाजी पर बिल्कुल नहीं दिखा। यही नई पीढ़ी की खासियत है कि वे अतीत में ज्यादा नहीं उलझते और वर्तमान पर ध्यान देते हैं। यह एक शानदार सोच है। इसके अलावा गावस्कर ने रोहित शर्मा की फिटनेस और बल्लेबाजी की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि हमने रोहित शर्मा की फिटनेस में बदलाव साफ देखा है। उन्होंने कड़ी मेहनत की है और उसका असर उनके खेल में दिख रहा है। उनका फुटवर्क तेज हुआ है, उनमें ज्यादा ऊर्जा है, जिससे उन्हें क्रीज पर ज्यादा समय मिलता है।


