Sanju Samson: IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही है। टीम ने अभी तक दो मैच खेले हैं और दोनों ही में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। इन दोनों मैचों में संजू सैमसन का बल्ला भी नहीं चला है और उनका फॉर्म में नहीं होना टीम के लिए चिंता का विषय बन गया है। संजू के खराब फॉर्म को देखकर फैंस उन्हें काफी ट्रोल कर रहे हैं लेकिन इस बीच चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने संजू सैमसन के सपोर्ट में आकर बड़ा बयान दिया है। फ्लेमिंग का मानना है कि टी20 फॉर्मेट में हर मैच में बल्लेबाज से रन नहीं बनते हैं।
संजू सैमसन को लेकर चेन्नई के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने क्या कहा?
हाल ही में समाप्त हुए टी20 वर्ल्ड कप में संजू सैमसन ने लगातार तीन मैच में तीन अर्धशतक लगाए थे। लेकिन सैमसन उस फॉर्म को आईपीएल में बरकरार नहीं रख पाए हैं। CSK के लिए डेब्यू सीजन खेल रहे सैमसन ने शुरुआती दो मैचों में सिर्फ 6 और 7 रन बनाए हैं, जिसके बाद उनकी फॉर्म पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, फ्लेमिंग ने उनके सपोर्ट में कहा है कि वह हर मैच में रन नहीं बना सकता। यह T20 क्रिकेट है। पंजाब के खिलाफ वह एक एज देकर आउट हुआ। लेकिन वह अच्छी फॉर्म में है, अभ्यास भी शानदार कर रहा है। जब उसका बल्ला चलता है, तो वह मैच विनर साबित होता है। दो पारियों से किसी खिलाड़ी को जज नहीं किया जा सकता।
सैमसन और गायकवाड़ के बल्ले से नहीं निकल रहे रन
संजू सैमसन की बात करें तो वह राजस्थान और पंजाब दोनों ही मैच में तेज गेंदबाज के खिलाफ आउट हुए हैं। अपने पूर्व टीम राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में वह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर की गेंद पर बोल्ड हुए थे। इसके बाद पंजाब के खिलाफ मैच में उन्होंने जेवियर बार्टलेट की गेंद पर विकेटकीपर प्रभसिमरन को कैच थमा दिया। इस गेंद पर बड़ा वह बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में थे। आपको बता दें कि सैमसन के साथ-साथ चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ भी इस सीजन रन बनाने के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए हैं। RR के खिलाफ वह जोफ्रा आर्चर की गेंद पर सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं पंजाब के खिलाफ 22 गेंदों पर 28 रन बनाने के बाद युजवेंद्र चहल की गेंद पर आउट हुए।


