इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में 4 अप्रैल को 8वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस की टीम के बीच में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम को 163 रनों का टारगेट मिला था, जिसमें वह मुकाबले को 6 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रहे और इस सीजन में लगातार दूसरी जीत हासिल की है।
इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स टीम के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। मुंबई इंडियंस की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए इस मैच में 20 ओवर्स में 163 रनों के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब हो सकी। मुंबई इंडियंस इस मैच में अपने नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या के बिना ही खेल रही है, जिसमें उनकी जगह पर कप्तानी की जिम्मेदारी को संभाल रहे सूर्यकुमार यादव के बल्ले से इस मैच में 51 रनों की पारी देखने को मिली। इसके अलावा रोहित शर्मा ने 35 जबकि नमन धीर ने 28 रनों की पारी खेली। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से गेंदबाजी में मुकेश कुमार ने जहां 2 विकेट हासिल किए तो वहीं लुंगी एन्गिडी, अक्षर पटेल, विपराज निगम और टी नटराजन 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम जब टारगेट का पीछा करने उतरी तो उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें केएल राहुल एक रन और नितीश राणा बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद समीर रिजवी और पथुम निसांका ने दिल्ली कैपिटल्स की पारी को संभालने के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी की। पथुम निसांका इस मैच में 44 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौटे। यहां से समीर रिजवी ने तेजी से रन बनाने का सिलसिला शुरू करने के साथ दिल्ली कैपिटल्स की टीम को जीत की तरफ लेकर जाने का काम किया। समीर रिजवी के बल्ले से इस मैच में 51 गेंदों में बेहतरीन 90 रनों की पारी देखने को मिली जिसमें उन्होंने 7 चौके और 7 छक्के लगाए। दिल्ली कैपिटल्स टीम की ये इस सीजन में लगातार दूसरी जीत है। मुंबई इंडियंस की तरफ से गेंदबाजी में दीपक चाहर, कॉर्बिन बॉश और मिचेल सैंटनर ने 1-1 विकेट हासिल किया।


