चेन्नई.IPL 2026 का सातवां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया, जिसे पंजाब की टीम ने 5 विकेट से अपने नाम किया। पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीता है और उन्होंने पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। चेन्नई की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाने में कामयाब रही। पंजाब ने इस टारगेट को 18.4 ओवर में हासिल कर लिया। पंजाब की ये इस सीजन लगातार दूसरी जीत है। वहीं चेन्नई को लगातार दूसरे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी की बात करें तो वहां संजू सैमसन का बल्ला एक बार फिर खामोश रहा। वह 7 बॉल में 7 रन बनाकर आउट हुए। CSK के लिए इस मैच में आयुष म्हात्रे, सरफराज खान और शिवम दुबे ने शानदार बल्लेबाजी की। म्हात्रे 43 बॉल में 73 रन बनाकर टीम के लिए टॉप रन स्कोरर रहे। वहीं शिवम दुबे 27 बॉल में 45 रन बनाकर नाबाद रहे। सरफराज खान ने 12 गेंदों में ताबड़तोड़ अंदाज में 32 रन ठोक दिए।
टारगेट का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स को इस मैच में शानदार शुरुआत मिली। पहले विकेट के लिए प्रियांश आर्या और प्रभसिमरण सिंह ने 61 रन जोड़े। प्रियांश ने 11 बॉल पर 39 रन बनाए। प्रभसिमरण ने 34 बॉल में 43 रन की पारी खेली। पंजाब की तरफ से एकमात्र अर्धशतक श्रेयस अय्यर के बल्ले से आया, उन्होंने 29 बॉल पर 50 रन बनाए। चेन्नई की तरफ से मैट हेनरी और अंशुल कंबोज ने दो-दो विकेट लिए।


