नई दिल्ली।भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में 8 मार्च को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम को मात देने के साथ रिकॉर्ड तीसरी बार इस ट्रॉफी को अपने नाम किया। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ियों के प्रदर्शन में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला, जिसमें एक नाम ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का भी है।
सभी को उम्मीद थी कि अभिषेक का बल्ला इस टूर्नामेंट में जमकर बोलते हुए देखने को मिलेगा, लेकिन वह लगातार तीन मैचों में अपना खाता भी खोलने में कामयाब नहीं हो सके थे।
इसके बाद अभिषेक की जमकर आलोचना भी देखने को मिली। हालांकि बाद में अभिषेक शर्मा ने शानदार वापसी की और फाइनल मैच में बेहतरीन अर्धशतकीय पारी भी खेलने के साथ टीम इंडिया को विजेता बनाने में अहम भूमिका अदा की थी। अब अभिषेक शर्मा ने इस बात का खुलासा किया है कि उनके जब उनके लगातार तीन डक आए थे तो उन्होंने फिर शुभमन गिल को मैसेज किया था।
नंबर-1 टी20 बल्लेबाज को कौन सलाह दे सकता है
बीसीसीआई की तरफ से 15 मार्च को नमन अवॉर्ड्स का आयोजन दिल्ली में किया गया था, जिसमें टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी पहुंचे थे। इसी अवॉर्ड समारोह में जब शुभमन गिल से पूछा गया कि क्या टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले उन्होंने अभिषेक शर्मा को कोई सलाह दी थी, तो इसके जवाब में गिल ने कहा कि आखिर नंबर-1 टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाज को कौन सलाह दे सकता है। इसके बाद अभिषेक ने आगे कहा कि टूर्नामेंट की शुरुआत में लगातार तीन बार शून्य पर आउट हुए मैंने बी गिल को मैसेज किया था। अभिषेक ने कहा कि मैंने ही मैसेज किया था इसको 3 डक के बाद कि मुझे बैट दे दे, इससे पहले कोई और रिकॉर्ड बन जाए।
शुभमन ने कहा तू कर लेगा
अभिषेक शर्मा ने इसके बाद बताया कि शुभमन गिल ने इसके जवाब में मैसेज किया कि तू कर लेगा। वहीं इसके बाद जब अभिषेक से पूछा गया कि उनको किसके बल्ले से खेलना सबसे ज्यादा पसंद है तो इसके जवाब में उन्होंने कहा कि शुभमन गिल के बैट से, जिसको लेकर गिल ने बताया कि वह मेरे ही बल्ले से खेलता है हमेशा। बता दें कि शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा बचपन से दोस्त हैं और दोनों ही घरेलू क्रिकेट में पंजाब की तरफ से खेलते हैं।


