कोलकाता के ऐतिहासिक मैदान पर T20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड आमने-सामने हैं।
इस मुकाबले में टॉस भले ही न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने जीता, लेकिन साउथ अफ्रीकी कप्तान एडन मारक्रम ने मैदान पर कदम रखने के साथ ही नया इतिहास रच दिया। साउथ अफ्रीका के कप्तान एडन मारक्रम ने 16 साल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त करते हुए बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है।
एडन मारक्रम ने स्मिथ को छोड़ा पीछे
दरअसल, न्यूजीलैंड ने वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। टॉस हारने के बाद जब एडन मारक्रम साथी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक के साथ पारी का आगाज करने उतरे तो T20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले साउथ अफ्रीकी कप्तान बन गए। मारक्रम का बतौर कप्तान T20 वर्ल्ड कप में ये 17वां मैच है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व दिग्गज कप्तान ग्रीम स्मिथ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ग्रीम स्मिथ ने 2007 से 2010 के दौरान T20 वर्ल्ड कप के 16 मैचों में अफ्रीकी टीम की अगुवाई की थी। तब से ही यह रिकॉर्ड कायम था, जो अब मारक्रम ने ध्वस्त कर दिया है।
टूर्नामेंट के सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में यह उपलब्धि मारक्रम के लिए और भी खास है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह इस मैच को जीत में बदलकर टीम को फाइनल तक पहुंचा पाते हैं या नहीं। पिछले वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका की टीम ने मारक्रम की कप्तानी में फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन खिताब नहीं जीत सकी थी। टीम इंडिया ने अफ्रीकी टीम को रोमांचक मुकाबले में मात देकर दूसरी बार खिताब पर कब्जा जमाया थआ। उस हार को भुलाकर अब एक बार फिर मारक्रम के पास अपनी टीम को खिताबी मुकाबले में पहुंचाने का शानदार मौका है।


