सिडनी।ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अपने करियर को लेकर चल रही अटकलों के बीच बड़ा बयान दिया है। 37 साल के मैक्सवेल ने साफ कर दिया है कि वह अभी T20 इंटरनेशनल क्रिकेट से दूरी बनाने के मूड में नहीं हैं और 2028 तक खेलते रहने की उम्मीद रखते हैं।
हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के T20 वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज से बाहर होने और मैक्सवेल की साधारण फॉर्म के बाद उनके भविष्य पर सवाल उठने लगे थे। यहां तक कि पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने भी माना था कि 2028 की टीम में मैक्सवेल शायद नजर न आएं, लेकिन मैक्सवेल ने इन अटकलों को फिलहाल दरकिनार कर दिया है।
2028 ओलंपिक और T20 वर्ल्ड कप पर नजर
2028 में ऑस्ट्रेलिया जब T20 वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा, तब मैक्सवेल की उम्र 40 साल होगी। उससे कुछ महीने पहले लॉस एंजिलिस में ओलंपिक गेम्स भी होने हैं, जहां क्रिकेट की वापसी होगी। मैक्सवेल ने कहा कि उन्होंने अपने करियर की कोई अंतिम तारीख तय नहीं की है और वह आगे आने वाले 12 महीनों पर ध्यान दे रहे हैं।
उन्होंने मेलबर्न में 4 मार्च को कहा कि उन्हें लगता है कि अपने भविष्य को लेकर अभी कोई फैसला नहीं लेने का कारण यह है कि वह पहले अगले 12 महीनों में क्या होने वाला है, उसे देखना चाहते हैं। अभी ज्यादा T20 क्रिकेट का प्लान नहीं है, इसलिए शायद कोई फॉर्मल अनाउंसमेंट करने की जरूरत नहीं है। बस देखना है कि शरीर कितना साथ देता है और कैसे ट्रैवल कर रहा हैं और अगर भविष्य में खेलने का मौका मिलता है, तो उम्मीद है कि वह फिट होंगे और अच्छा खेलेंगे।
जब उनसे 2028 ओलंपिक और T20 वर्ल्ड कप में खेलने की संभावना पर सीधे सवाल पूछा गया तो उन्होंने जवाब दिया- फिट और दमदरा, उम्मीद है, लेकिन हां, कोई तारीख तय नहीं कर रहा हूं। उन्हें लगा कि वह वर्ल्ड कप के दौरान बेहतर होते गए। वह इसे विकेट और रन के आंकड़ों से ज्यादा इस आधार पर आंकते हैं कि वह मैदान पर कैसे दौड़ रहे हैं और कैसा महसूस कर रहे हैं। उन्हें लगा कि वह मैच आसानी से खेल पा रहे थे, अपनी भूमिका अच्छी तरह निभा रहे थे और उनके पास अभी भी देने के लिए काफी कुछ है।
फॉर्म पर उठे सवाल
T20 वर्ल्ड कप में मैक्सवेल ने 9, 31 और 22 रन की पारियां खेलीं और उनका स्ट्राइक रेट 110.71 रहा, जो उनके आक्रामक अंदाज के विपरीत था। अक्टूबर से अब तक T20 इंटरनेशनल और बिग बैश लीग में 12 पारियों में उनका औसत 15.55 और स्ट्राइक रेट 113.82 रहा है। गेंदबाजी में उन्होंने चार विकेट लिए हैं।
मैक्सवेल पहले ही ODI क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और ऑस्ट्रेलिया के पास अगस्त 2027 तक सिर्फ आठ द्विपक्षीय T20 मैच निर्धारित हैं। ऐसे में उनके कॉन्ट्रैक्ट को लेकर भी चर्चा है, लेकिन मैक्सवेल का फोकस फिलहाल फिटनेस और उपलब्ध मौकों पर है। मैक्सवेल ने बिग बैश लीग में मेलबर्न स्टार्स के साथ दो साल का करार किया है। इसके अलावा वह इस साल PSL में नई टीम हैदराबाद किंग्समेन से जुड़ेंगे। यह उनका पहला PSL सीजन होगा।


