नई दिल्ली: भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को आईसीसी मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने आईसीसी की एक आधिकारिक सुनवाई के दौरान किसी भी तरह के राजनीतिक बयान देने से परहेज करने की सलाह दी है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारतीय कप्तान की शिकायत की थी। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान और हारिस रऊफ के खिलाफ बीसीसीआई द्वारा दायर शिकायत पर सुनवाई शुक्रवार को होगी क्योंकि ये दोनों खिलाड़ी गुरुवार को बांग्लादेश के खिलाफ अपना एशिया कप मैच खेल रहे हैं। माना जाता है कि पीसीबी ने 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मैच के बाद निर्धारित 7 दिन की अवधि के भीतर शिकायत दर्ज की थी।
सूर्या ने दिया था ट्रिब्यूट
सूर्यकुमार ने इस मैच में पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था और फिर भारत की जीत को मई में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम वाले भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित किया था। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के प्रति भी एकजुटता व्यक्त की थी। टूर्नामेंट सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर कहा, ‘सूर्यकुमार आज आईसीसी की सुनवाई में शामिल हुए। उनके साथ बीसीसीआई के सीओओ और क्रिकेट संचालन प्रबंधक थे। रिचर्डसन ने उन्हें समझाया कि उन्हें किसी भी तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए जिसे राजनीतिक प्रकृति का माना जा सके। प्रतिबंध का अभी पता नहीं चल पाया है। चूंकि यह लेवल 1 के तहत आता है, इसलिए यह या तो चेतावनी हो सकती है या मैच फीस में 15 प्रतिशत कटौती का वित्तीय जुर्माना।’


