शारजाह।ट्राई सीरीज 2025 में अफगानिस्तानी टीम ने यूएई की टीम को चार रनों से हरा दिया। मैच में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 170 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद यूएई की टीम सिर्फ 166 रनों पर ही सिमट गई। इस मैच में दोनों टीमों की तरफ से किसी भी बल्लेबाज ने ना ही शतक लगाया और ना ही अर्धशतक। फिर भी एक खास रिकॉर्ड बन गया है।
T20I क्रिकेट में दूसरी बार हुआ ऐसा कमाल
मैच में दोनों टीमों की तरफ से कुल 336 रन बने। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा सिर्फ दूसरी बार हुआ है, जब किसी मैच में ना ही शतक लगा और ना ही अर्धशतक फिर भी 300+ रन बन गए। इससे पहले साल 2016 में अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच T20I मैच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों की तरफ से कुल 369 रन बने थे। तब उस मैच में भी किसी बल्लेबाज ने शतक और अर्धशतक नहीं लगाया था।
ओपनर्स ने रखी बड़े स्कोर की नींव
अफगानिस्तानी टीम को इब्राहिम जादरान (48 रन) और रहमानुल्लाह गुरबाज (40 रन) ने 98 रनों की साझेदारी करके बेहतरीन शुरुआत दिलाई। इसके अलावा करीम जनत ने 28 रन और गुलबदीन नईब ने 20 रनों का योगदान दिया। इन प्लेयर्स की वजह से ही अफगानिस्तानी टीम 170 रनों के स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।
टारगेट नहीं चेज कर पाई यूएई की टीम
दूसरी तरफ यूएई की टीम के लिए कप्तान मुहम्मद वसीम (44 रन) और आसिफ खान ने अच्छी बल्लेबाजी की। लेकिन ये दोनों प्लेयर्स अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। अंत में आसिफ ने 28 गेंदों में 40 रन बनाए, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल रहे। अलीशान शराफू ने 27 रनों का योगदान दिया। मुहम्मद जोएब ने 23 रन बनाए। लेकिन यूएई की टीम टारगेट से 4 रन पीछे रह गई और निर्धारित 20 ओवर्स में 166 रन ही बना पाई।


