नई दिल्ली। 9 सितंबर से एशिया कप 2025 की शुरुआत होने वाली है। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया का पहला मैच 10 सितंबर को यूएई से होगा। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव के पास एक खास उपलब्धि को अपने नाम करने का होगा। वह टी-20 फॉर्मेट में बतौर भारतीय सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चौथे नंबर पर पहुंच सकते हैं। उनके पास इस मामले में सुरेश रैना को पीछे छोड़ने का मौका होगा। आपको बता दें कि इस बार एशिया कप टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा।
सुरेश रैना को पीछे छोड़ सकते हैं सूर्यकुमार यादव
टी-20 फॉर्मेट में बतौर भारतीय बल्लेबाज सबसे ज्यादा रन बनाने की बात करें तो वहां विराट कोहली 13543 रन के साथ पहले स्थान पर मौजूद हैं। वहीं इस लिस्ट में सूर्यकुमार यादव 8620 रन के साथ पांचवें नंबर पर और सुरेश रैना 8654 रनों के साथ चौथे नंबर पर मौजूद हैं। ऐसे में अगर सूर्यकुमार यादव आगामी एशिया कप में 35 रन और बना लेते हैं तो वह सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चौथे नंबर पर पहुंच जाएंगे।
टी-20 में बतौर भारतीय सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
- विराट कोहली- 13543 रन
- रोहित शर्मा- 12248 रन
- शिखर धवन- 9797 रन
- सुरेश रैना- 8654 रन
- सूर्यकुमार यादव- 8620 रन
टी-20 क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव की आंकड़े
टी-20 क्रिकेट में सुर्यकुमार यादव की आंकड़ों की बात करें तो वहां उन्होंने अब तक 325 मैचों की 301 पारियों में 35.47 के औसत से 8620 रन बनाए हैं। वहां उनका हाईएस्ट स्कोर नाबाद 126 रन का रहा है। उनके बल्ले से ये सभी रन 137.45 के स्ट्राइक रेट से आए हैं और इस दौरान वह 6 शतक और 59 अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे हैं। वह आगामी एशिया कप में अपने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करके टीम इंडिया की जीत में अपना अहम योगदान देना चाहेंगे।
आईपीएल 2025 में सूर्यकुमार यादव ने की थी शानदार बल्लेबाजी
सूर्या ने इससे पहले भारत के लिए आखिरी टी-20 मैच इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में खेला था। पांच मैचों की उस सीरीज में वह बल्ले से एक भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। उसके बाद वह आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस की टीम के लिए खेले थे। आईपीएल 2025 में सूर्यकुमार यादव ने 16 मैचों में 717 रन बनाए थे। वहां उन्होंने आखिरी के कुछ मैचों में अच्छी बल्लेबाजी की थी। आगामी एशिया कप में सूर्यकुमार बल्ले से कैसा प्रदर्शन करते हैं ये देखना दिलचस्प होगा।


