नई दिल्ली: टीम इंडिया के हिटमैन रोहित शर्मा ने कुछ ही समय पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। अब ये खिलाड़ी सिर्फ वनडे क्रिकेट के लिए उपलब्ध हैं। ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया को करारी हार का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद रोहित की कप्तानी पर सवाल उठने लगे थे। इसके बाद रोहित ने खुद ही टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया। अब रोहित ने टेस्ट क्रिकेट से अपने रिटायरमेंट पर खुलकर बात की है।
रोहित शर्मा ने दिया बड़ा बयान
रोहित ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट चुनौतीपूर्ण और थका देने वाला होता है। लेकिन तैयारी से इसकी मुश्किलों का सामना किया जा सकता है। 38 साल के रोहित शर्मा ने मई में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने 67 टेस्ट मैचों में 40.58 की औसत से 4,301 रन बनाए। रोहित ने टी20 इंटरनेशनल से भी एक साल पहले संन्यास ले लिया था। उन्होंने यह फैसला भारत के वर्ल्ड कप जीतने के बाद लिया था। एक कार्यक्रम में रोहित ने कहा कि तैयारी बहुत जरूरी है। टेस्ट क्रिकेट में पांच दिन तक खेलना होता है। यह मानसिक रूप से बहुत थका देने वाला होता है।


