लंदन: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैच की टेस्ट सीरीज का अंतिम मैच ओवल में खेला जा रहा है। इंग्लैंड के स्टेंड इन कप्तान ओली पोप ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। हालांकि, मैच के पहले दिन काफी ज्यादा बारिश रही। बार-बार बारिश के चलते मैच रुक रहा था। पहले दो सेशन में सिर्फ 29 ओवर का खेल ही हुआ था।
इसके बाद तीसरा सेशन शुरू हुआ। इसमें इंग्लैंड ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने भारत के साई सुदर्शन को एक ही तरह से आउट किया और पविलियन का रास्ता दिखाया।
साई सुदर्शन और रविंद्र जडेजा को जोश टंग ने यूं किया आउटे
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे साई सुदर्शन अच्छी लय में लग रहे थे। लेकिन, जोश टंग की एक गेंद ने उनकी छुट्टी कर दी। 36वें ओवर की चौथी गेंद टंग ने अराउंड द विकेट आकर डाली। उन्होंने गुड लेंथ पर गेंद डाली जोपड़ने के बाद सीधी हुई और साई सुदर्शन के बल्ले का एज लेकर सीधा विकेटकीपर जेमी स्मिथ के हाथों में गई।
रविंद्र जडेजा भी कुछ इसी तरह से जोश टंग की गेंद पर आउट हुए। जोश टंग ने 40वें ओवर की तीसरी गेंद अराउंद द विकेट डाली। गेंद थोड़ी छोटी रही, जो पड़ने के बाद सीधी हुई। रविंद्र जडेजा के बल्ले का एज लेकर यह गेंद भी सीधा जेमी स्मिथ के हाथों में गई। ऐसे में इनफॉर्म जड्डू सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए।
इंग्लैंड सीरीज में 2-1 से आगे
भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही 5 मैच की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड इस वक्त 2-1 से आगे है। पहला मैच लीड्स में इंग्लैंड ने जीता। एजबेस्टन में भारत ने इंग्लैंड को हराया। इसके बाद लॉर्ड्स में इंग्लैंड ने फिर बाजी मारी जबकि मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ रहा। अगर भारत को सीरीज ड्रॉ करानी है तो उन्हें हर हाल में ओवल टेस्ट जीतना होगा।


