लंदन: केनिंगटन ओवल के मैदान पर भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में सिर्फ 224 रनों पर ढेर हो गई। सीरीज के आखिरी टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 204 रनों के आगे खेलना शुरू किया। पहले दिन उसने 64 ओवर तक बैटिंग की थी, जबकि दूसरे दिन सिर्फ 34 गेंदों का सामना कर पाई और उसके बचे 4 विकेट धराशायी हो गए।
आकाश दीप बिना खाता खोले नाबाद रहे, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा बिना खाता खोले आउट हो गए। वाशिंगटन सुंदर 26 तो करुण नायर 57 रन बनाकर लौटे।
भारतीय टीम के लिए पहली पारी में सबसे अधिक रन करुण नायर के नाम रहे, जबकि साई सुदर्शन ने 108 गेंदों में 6 चौके की मदद से 38 रन की पारी खेली। वाशिंगटन सुंदर ने 26 रन बनाए तो ऋषभ पंत की जगह विकेटकीपिंग कर रहे ध्रुव जुरेल के नाम 19, कप्तान शुभमन गिल 21, केएल राहुल 14 और पिछले मुकाबले के शतकवीर रविंद्र जडेजा के नाम 9 रन रहे।
इंग्लैंड के लिए सबसे अधिक गस एटकिंसन ने 21.4 ओवरों की गेंदबाजी में 8 मेडन रखते हुए सिर्फ 33 रन देकर 5 विकेट झटके। जोश टंग ने 16 ओवरों में 57 रन देकर 3 विकेट अपनी झोली में डाले। क्रिस वोक्स ने 14 ओवरों में 46 रन देकर एक विकेट झटका।


