लंदन: लॉर्ड्स के टेस्ट मैच के तीसरे दिन टीम इंडिया के कप्तान और इंग्लैंड ओपनर जैक क्राउली के बीच भयंकर लड़ाई देखने को मिली। दिन के आखिरी ओवर के खेल में मैदान पर जमकर ड्रामा हुआ।
दरअसल जब भारतीय टीम की पारी 387 रन के स्कोर पर सिमटी तो अंपायर ने इंग्लैंड को दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए बुलाया। चुकी दिन का खेल खत्म होने में कुछ ही मिनट का समय बचा था। ऐसे में टीम इंडिया की कोशिश थी कि ज्यादा से ज्यादा ओवर पूरा करें, लेकिन जैक क्राउली और बेन डकेट ने ड्रामा करना शुरू कर दिया।
इंग्लैंड की दूसरी पारी में टीम इंडिया के लिए पहला ओवर जसप्रीत बुमराह करने आए। बुमराह की पहली गेंद का सामना जैक क्राउली ने किया। बुमराह की ऑफसाइड की गुड लेंथ पर क्राउली रन नहीं जुटा सके। हालांकि, दूसरी गेंद क्राउली ने भाग कर 2 रन लिए। इसके बाद अगली चार गेंद पर जैक क्राउली ने खूब नाटक किया। वह जानबूझकर स्टांस नहीं ले रहे थे। समय खराब करने के लिए क्राउली ने चोट का भी बहाना बनाया, जिसके शुभमन गिल बुरी तरह बिफर उठे।
लॉर्ड्स में बवाल के कारण हुआ सिर्फ 1 ओवर
तीसरे दिन के आखिर में भारतीय टीम जिस मंशा के साथ गेंदबाजी के लिए मैदान पर उतरी थी वह पूरा नहीं हो पाया। इंग्लैंड के ओपनर्स द्वारा समय खराब किए जाने के कारण सिर्फ 1 ओवर डाला जा सका, जिसमें मेजबान टीम ने 2 रन बनाए। ये रन जैक क्राउली के बल्ले से आया जबकि बेन डकेट का खाता खुलना अभी बाकी है। ऐसे में अब जब चौथे दिन का खेल शुरू होगा तो निश्चित रूप में भारत इंग्लैंड के बीच एक अलग रोमांच देखने को मिलेगा।


