भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीम स्पेशल वंदे भारत ट्रेन से नई दिल्ली पहुंची। इस ट्रेन से करीब 300 लोग यात्रा कर रहे थे। इनमें खिलाड़ी, तकनीकी टीम, मीडिया कर्मी और आयोजन से जुड़ा स्टाफ शामिल रहा। BCCI ने इस दल को लगभग 40 से 50 छोटे वाहनों में धर्मशाला से होशियारपुर के रास्ते जालंधर रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया। जहां से स्पेशल वंदे भारत ट्रेन नई दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन पहुंची।
BCCI ने शुक्रवार को एक वीडियो पोस्ट करके भारतीय रेलवे को शुक्रिया कहा। 41 सेकंड के वीडियो में स्पिनर कुलदीप यादव BCCI के प्रयासों और भारतीय रेलवे की तारीफ करते दिखे। वीडियो में पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर और फाफ डु प्लेसिस भी दिखाई दिए।
BCCI अधिकारियों ने बताया- ‘मौजूदा हालात में सड़क मार्ग से यात्रा में अनिश्चितता थी। इसलिए विशेष ट्रेन को सुरक्षित विकल्प माना गया। सभी की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है। इसी वजह से राज्य प्रशासन और रेलवे विभाग के साथ मिलकर यह इंतजाम किया गया। IPL के इतिहास में पहली बार है जब बीसीसीआई ने दो टीमों और प्रसारण दल के लिए विशेष ट्रेन की व्यवस्था की है।’


