पर्थ: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में टीम इंडिया ने धमाकेदार शुरुआत कर दी है। पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान जसप्रीत बुमराह ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। चोटिल खिलाड़ियों की परेशानियों से जूझ रहे जसप्रीत बुमराह के सामने ऑस्ट्रेलिया के सामने एक मजबूत प्लेइंग इलेवन चुनने की बड़ी चुनौती थी, लेकिन कप्तानी कर रहे बुमराह ने जो किया वो भारत के लिए बड़े से बड़ा कप्तान भी नहीं कर पाया।
दरअसल बुमराह ने प्लेइंग में इलेवन में तीन विकेटकीपर बल्लेबाज को जगह दी। हालांकि, विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋषभ पंत ने निभाई, लेकिन केएल राहुल और ध्रुव जुरेल को भी अंतिम-11 में शामिल किया। भारतीय टीम में ऐसा 69 साल बाद देखने को मिला जब प्लेइंग इलेवन में एक साथ तीन-तीन विकेटकीपर बल्लेबाज को शामिल किया गया। इससे पहले साल 1955 में ढाका में खेले गए भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबले में ऐसा देखने को मिला था जब टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में विजय मांजरेकर, नरेन ताम्हाणे और माधव मंत्री प्लेइंग में शामिल थे।


