लंदन: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे लॉर्ड्स टेस्ट में चार दिन का खेल पूरा हो चुका है। इस रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम को आखिरी दिन जीत के लिए 135 रनों की जरूरत है। वहीं टीम इंडिया के अभी 6 विकेट बाकी हैं। मैच में चौथा दिन खत्म होने के बाद भारतीय टीम ने 193 रन का पीछा करते हुए 58 रन बना लिए हैं। अब आखिरी दिन लॉर्ड्स पर इतिहास रचने के लिए भारतीय टीम के बल्लेबाजों को संभलकर इस छोटे टारगेट को चेज करना होगा।
टीम इंडिया ने खो दिए 4 विकेट
खराब बात ये रही कि दिन खत्म होते-होते आखिरी गेंद पर भी भारतीय टीम ने विकेट खो दिया। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने आकाश दीप (1) को पवेलियन भेजा। आकाश दीप बतौर नाइट वॉचमैन बल्लेबाजी करने आए थे। इसके अलावा 58 रन तक पहुंचने के लिए टीम इंडिया ने 3 और विकेट खोए। यशस्वी जायसवाल दूसरी पारी में खाता तक नहीं खोल पाए। वहीं करुण नायर 14 और शुभमन गिल 6 रन बनाकर आउट हो गए।
192 रन पर सिमटी इंग्लैंड की पारी
इससे पहले लॉर्ड्स टेस्ट के चौथे दिन के तीसरे सत्र में इंग्लैंड की दूसरी पारी 192 रनों पर सिमट गई। दूसरी पारी में भारत के लिए सर्वाधिक सफल गेंदबाज वाशिंगटन सुंदर रहे। सुंदर ने 4 विकेट लिए। जीत दर्ज करने और सीरीज में बढ़त बनाने के लिए टीम इंडिया को सिर्फ 193 रन का टारगेट मिला।
2 रन से की थी दिन की शुरुआत
इंग्लैंड ने दिन की शुरुआत बिना किसी विकेट के 2 रन से की थी। पहले सत्र की शुरुआत से ही इंग्लैंड के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते नजर आए। पहले सत्र में इंग्लैंड ने महज 98 रन के स्कोर पर अपने 4 टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज खो दिए थे। इस स्थिति से बाहर आना टीम के लिए मुश्किल था, और ऐसा ही हुआ। पूरी टीम 192 रन पर सिमट गई।


