विंबलडन को नया चैंपियन मिल गया है। चेक गणराज्य की स्टार टेनिस खिलाड़ी बारबोरा क्रेजिकोवा ने विंबलडन 2024 में विमेंस सिंगल्स का टाइटल जीत लिया है। शनिवार (13 जुलाई) को लंदन के सेंटर कोर्ट में खेले गए फाइनल मैच में 31वीं सीड क्रेजिकोवा ने 7वीं सीड इटली की जैस्मीन पाओलिनी को 6-2, 2-6, 6-4 से हराया।
बारबोरा अपना दूसरा ग्रैंड स्लैम सिंगल्स फाइनल खेलने उतरी थीं और उन्होंने दूसरी बार ग्रैंड स्लैम टाइटल जीता। इससे पहले, उन्होंने साल 2021 में फ्रेंच ओपन टाइटल जीता था। वहीं जैस्मीन का भी ये दूसरा ग्रैंड स्लैम फाइनल था। हालांकि जैस्मीन इस बार भी खिताब नहीं जीत सकीं। जैस्मीन यदि टाइटल जीतती तो वो इतिहास रच देती। अब तक कोई भी इतालवी खिलाड़ी विंबलडन में सिंगल्स खिताब नहीं जीत पाया।
बारबोरा ने सेमीफाइनल में ऐलेना रयबाकिना को हराया
बारबोरा क्रेजिकोवा दूसरी बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंची है। उन्होंने विंबलडन विमेंस सिंगल्स के खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में ऐलेना रयबाकिना को 3-6, 6-3, 6-4 से हराकर अपने करियर में पहली बार टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया था। इससे पहले उन्होंने साल 2021 में फ्रेंच ओपन के फाइनल में जगह बनाई थी और खिताब अपने नाम किया था।


