नई दिल्ली: भारतीय निशानेबाजी महासंघ ने पेरिस ओलिंपिक के लिए 15 सदस्यीय राइफल और पिस्टल टीम की घोषणा की। इसमें स्टार पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर अकेली ऐसी खिलाड़ी है जो दो इवेंट में भाग लेगी। टीम का चयन वर्चुअल बैठक में किया गया। टीम में आठ राइफल और सात पिस्टल निशानेबाज शामिल हैं।
चयन समिति ने ट्रायल्स के परिणामों को प्राथमिकता देने का फैसला किया जिससे विश्व चैंपियन रुद्राक्ष पाटिल जैसे निशानेबाजों के लिए दरवाजे बंद हो गए। पाटिल अपनी पसंदीदा 10 मीटर एयर राइफल में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे लेकिन इसके बावजूद वह ओलिंपिक टीम में शामिल करने की गुहार लगा रहे थे क्योंकि उन्होंने कोटा हासिल किया था। निशानेबाजी में कोई व्यक्तिगत खिलाड़ी नहीं बल्कि देश को कोटा दिया जाता है।
फ्रांस में लगा है शूटर्स का कैंप
टीम के सभी सदस्य, कोच और सहयोगी स्टाफ अभी फ्रांस के वोल्मेरेंज लेस माइंस में शिविर में भाग ले रहे हैं। इसका उद्देश्य परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाना है। ओलिंपिक में जाने से पहले सभी खिलाड़ी दो सप्ताह के लिए स्वदेश लौटेंगे। शॉटगन टीम की घोषणा इटली के लोनाटो में होने वाले विश्व कप के बाद की जाएगी, जिसमें प्रतियोगिताएं बुधवार से शुरू होकर 18 जून तक चलेंगी। पेरिस ओलिंपिक खेल 26 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित किए जाएंगे।भारतीय निशानेबाजों ने इस बार संभावित 24 में से 21 कोटा स्थान हासिल किए हैं। राइफल और पिस्टल में उसने सभी आठ आठ कोटा स्थान हासिल किए हैं। भारत ने इससे पहले कभी इतनी अधिक कोटा स्थान हासिल नहीं किए थे। तोक्यो ओलिंपिक के लिए भारत ने 15 कोटा स्थान हासिल किए थे।


