भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने सोमवार को चेंगदू, चीन में अपने दूसरे ग्रुप सी मुकाबले में इंग्लैंड को 5-0 से हराकर थॉमस कप 2024 के क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। भारत क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया ने भिड़ेगा। थॉमस कप पुरुष टीमों के बीच होने वाला मल्टीनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट है। महिलाओं के इस टूर्नामेंट को उबर कप कहा जाता है। इन टूर्नामेंट दो टीमों के एक मुबाले में तीन सिंगल्स और 2 डबल्स मैच खेले जाते हैं।
एचएस प्रणय ने जीता पहला मैच
भारत-इंग्लैंड मुकाबले की शुरुआत सिगल्स मैच से हुई। भारत की ओर से वर्ल्ड चैंपियनशिप के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट एचएस प्रणय उतरे। वहीं, इंग्लैंड के लिए दुनिया के 106वें नंबर के खिलाड़ी हैरी हुआंग आए। प्रणय ने यह मैच 42 मिनट में 21-15, 21-15 से जीत लिया।
सात्विक-चिराग की जोड़ी तीन गेम में जीती
दूसरा मैच डबल्स का खेला गया। दुनिया की तीसरे नंबर की जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने 19वीं रैंकिंग वाली जोड़ी बेन लेन और सीन वेंडी को हराया। भारतीय जोड़ी ने यह मुकाबला एक घंटा और पांच मिनट में 21-17, 19-21, 21-15 से जीता।
किदांबी श्रीकांत ने नदीम दलवी को हराया
तीसरा मैच सिंगल्स का हुआ। इसमें भारत के पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 किदांबी श्रीकांत ने नदीम दलवी को 21-16, 21-11 से हराया। दुनिया के 13वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य सेन को इस मुकाबले के लिए आराम दिया गया था।
चौथे मैच में एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला ने रोरी ईस्टन और एलेक्स ग्रीन को 21-17, 21-19 से हराया। आखिरी मैच सिंगल्स का हुआ। इसमें दुनिया के 36वें नंबर के खिलाड़ी किरण जॉर्ज ने 209वें नंबर के चोलन कायान को 21-18, 21-12 से हराया।

पिछली बार थॉमस कप जीतकर भारत ने इतिहास रचा था
साल 2022 में भारत ने पहली बार थॉमस कप जीता था। भारत ने फाइनल में इंडोनेशिया को 3-0 से हराया था।
1948-1949 के बाद से आयोजित 30 थॉमस कप टूर्नामेंटों में से केवल छह देशों ने खिताब जीता है। इंडोनेशिया सबसे सफल टीम है, जिसने 14 बार जीत हासिल की है। चीन, जिसने 1982 से पहले प्रतिस्पर्धा शुरू नहीं की थी, 10 खिताबों के साथ इंडोनेशिया से पीछे है, जबकि मलेशिया ने 5 खिताब जीते हैं।
थॉमस कप चैंपियनशिप 1949 से खेली जा रही है। वहीं, उबर कप का आयोजन 1956 से हो रहा है। 1984 से दोनों टूर्नामेंट एक साथ आयोजित कराए जा रहे हैं।


