अहमदाबाद|इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 17वें सीजन में रविवार को फिर 2 मुकाबले खेले जाएंगे। लखनऊ सुरजायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच दोपहर 3:30 बजे से पहला मैच शुरू होगा। फिर 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस का सामना पिछले 2 बार की फाइनलिस्ट गुजरात टाइटंस से होगा।
हार्दिक पंड्या की कप्तानी में गुजरात ने पिछले 2 फाइनल खेले। वह अब रोहित शर्मा की जगह मुंबई की कप्तानी करेंगे। वहीं गुजरात की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे, जो पहली बार किसी टीम की कमान संभाल रहे हैं। स्टोरी में इस मैच का प्रीव्यू…
गुजरात के सामने मुंबई की कप्तानी करेंगे हार्दिक
मुंबई इंडियंस की टीम IPL की सबसे सफल टीमों में शामिल है, टीम ने 5 बार टू्र्नामेंट का खिताब जीता है। हालांकि पांचों खिताब रोहित शर्मा की कप्तानी में आए, जिन्हें हटाकर अब मैनेजमेंट ने हार्दिक पंड्या को कप्तान बना दिया। हार्दिक की कप्तानी में मुंबई पहली बार IPL मैच खेलेगी।
हार्दिक पहले गुजरात टाइटंस के ही कप्तान थे। उन्होंने टीम से 2 सीजन खेले और दोनों बार फाइनल तक पहुंचाया। 2022 में टीम चैंपियन बनी, वहीं 2023 में रनर-अप रही। अब शुभमन गिल की कप्तानी में टीम पहली बार टूर्नामेंट खेलने उतर रही है। गिल पर गुजरात के विनिंग माइंडसेट को आगे ले जाने की चुनौती है।
गुजरात के खिलाफ सेंचुरी लगा चुके सूर्या आज नहीं खेलेंगे
गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुंबई के सबसे सफल बैटर सूर्यकुमार यादव हैं। सूर्या ने पिछले सीजन गुजरात के खिलाफ सेंचुरी लगाई, जो उनके IPL करियर की पहली ही थी। लेकिन इंजरी के कारण वह आज का मुकाबला नहीं खेल सकेंगे। उनके बाद ईशान किशन ही गुजरात के खिलाफ 4 मैच में 89 रन बना सके हैं।
बॉलर्स में पीयूष चावला टॉप पर हैं, जिन्होंने 3 मैच में 5 विकेट लिए हैं। उनके बाद आकाश मधवाल ने 2 ही मैचों में 4 झटके हैं।


