कोलकाता|कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग-2024 में विजयी आगाज किया है। टीम ने सीजन के तीसरे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 4 रन से हराया। 209 रन का टारगेट चेज करने उतरी हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 204 रन ही बना सकी। हैनरिक क्लासन ने 29 बॉल पर 8 छक्कों से सजी 63 रन की आतिशी पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
ईडन गार्डन्स स्टेडियम में कोलकाता की जीत के हीरो आंद्रे रसेल रहे। उन्होंने 25 बॉल पर नाबाद 64 रन की विस्फोटक पारी खेली और दो विकेट भी हासिल किए। आंद्रे के अलावा, फिल सॉल्ट ने 54 रन बनाए। रमनदीप सिंह ने 35 और रिंकू सिंह ने 23 रन का योगदान दिया। टी नटराजन ने तीन विकेट झटके।जवाबी पारी में हैदराबाद के ओपनर अभिषेक शर्मा और मयंक अग्रवाल ने 32-32 रन बनाए। शहबाज अहमद ने 5 बॉल पर 16 रन का योगदान दिया। हर्षित राणा ने 3 विकेट झटके।


