पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स ने IPL-2024 का आगाज जीत के साथ किया है। नए कप्तान ऋतुराज गायकवाड की अगुवाई में उतरी CSK ने सीजन के ओपनिंग मैच में RCB को 6 विकेट से हरा दिया।
चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में टॉस जीतकर RCB ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 173 रन बनाए। अनुज रावत ने सबसे ज्यादा 48 रन बनाए। विराट कोहली 20 बॉल पर 21 रन ही बना सके। मुस्तफिजुर रहमान ने 4 विकेट लिए। जवाब में चेन्नई ने 18.4 ओवर में 4 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। शिवम दुबे (34) और रवींद्र जडेजा (25) ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 66 रन जोड़े।इससे पहले मुस्तफिजुर ने अपने पहले दो ओवरों में चार विकेट लेकर आरसीबी का स्कोर पांच विकेट पर 78 रन कर उसे दबाव में ला दिया था। पारी में पहले मुस्तफिजुर ने दबदबा बनाया, लेकिन उसके बाद रावत ने सूझ समझ वाली पारी खेली। अगर माथिशा पाथिराना सीएसके में शामिल होने के लिए फिट होते तो शायद मुस्तफिजुर को अंतिम एकादश में जगह नहीं मिलती। डुप्लेसी को रोकने के लिए लगाये गये मुस्तफिजुर ने पावरप्ले में पिच की मदद से दो विकेट चटकाये।
क्रीज पर जूझते रहे विराट कोहली
मुस्तफिजुर ने डुप्लेसी के बाद रजत पाटीदार को आउट किया। दीपक चाहर ने फिर ग्लेन मैक्सवेल को भी खाता भी नहीं खोलने दिया। दो से ज्यादा महीनों बाद पहला प्रतिस्पर्धी मैच खेल रहे विराट कोहली ने 20 गेंदों पर 21 रन बनाये। पावरप्ले में केवल छह गेंदों का सामना करने के बाद कोहली का पहला आक्रामक स्ट्रोक महेश तीक्ष्णा की गेंद पर छक्का था। लेकिन दो महीने के पितृत्व अवकाश के बाद वापसी के दौरान वह लय में नहीं दिखे। वह गलत समय पर लगाये पुल शॉट के कारण कैच आउट हुए। अजिंक्य रहाणे ने डीप मिड विकेट पर कैच लिया लेकिन वह फिसलने वाले थे तो उन्होंने इसे रचिन रविंद्र की ओर फेंका जिन्होंने कैच लपक लिया। कोहली के बाद मुस्तफिजुर ने कैमरन ग्रीन (18 रन) को बोल्ड किया।


