मुंबई इंडियंस (MI) के कोच मार्क बाउचर ने कहा कि रोहित शर्मा अपनी बैटिंग पर फोकस कर सकें, इसलिए उन्हें कप्तानी से हटाया गया। रोहित पिछले 2 सीजन से रन नहीं बना सके, वह अब बिना प्रेशर के बैटिंग कर सकेंगे।MI ने हार्दिक पंड्या को गुजरात टाइटंस से ट्रेड कर अपनी टीम में शामिल किया था। फिर पिछले साल दिसंबर में ऑक्शन के पहले रोहित को कप्तानी से हटाया और हार्दिक को नया कप्तान बना दिया।
मार्क बाउचर ने ‘बैंटर विद द बॉयज’ पॉडकास्ट में खुलासा किया कि रोहित को कप्तानी से हटाना मैनेजमेंट का फैसला था, ताकि वह बैटिंग में टीम की तरफ से बेस्ट दे सकें।
भारत में बहुत इमोशनल हैं फैंस
बाउचर बोले, ‘भारत में क्रिकेट फैंस बहुत इमोशनल हैं। वह रोहित को कप्तानी से हटाए जाने के फैसले से गुस्सा हो गए, लेकिन फ्यूचर को देखते हुए यह एक अच्छा फैसला था। मुझे लगता है कि एक खिलाड़ी और एक इंसान के रूप में रोहित अब बेहतर परफॉर्म कर पाएंगे। वह बगैर प्रेशर के बैटिंग को एंजॉय करेंगे और टीम के लिए रन बना सकेंगे।’
हार्दिक की लीडरशिप शानदार
बाउचर ने कहा, ‘हमने ट्रेडिंग विंडो से हार्दिक को वापस टीम में शामिल कर लिया। वह खुद भी मुंबई इंडियंस बॉय हैं। वह दूसरी फ्रेंचाइजी में गए, वहां उन्होंने टीम को चैंपियन बनाया और दूसरे सीजन में भी फाइनल तक पहुंचाया। इसी से साफ है कि उनकी लीडरशिप स्किल्स शानदार हैं।’
MI मैनेजमेंट ने हार्दिक को 2023 के ऑक्शन से पहले 15 करोड़ रुपए में गुजरात से ट्रेड कर लिया। MI ने गुजरात को इसके लिए 15 करोड़ रुपए देने के साथ अलग से रकम भी दी। ऑक्शन से पहले ही मैनेजमेंट ने रोहित को हटा कर हार्दिक को कप्तान भी बना दिया।
रोहित खिलाड़ी के रूप में ज्यादा अच्छा खेलेंगे
बाउचर ने कहा, ‘पिछले 2 सीजन से रोहित का फॉर्म अच्छा नहीं रहा। वह बैट से कुछ खास परफॉर्म नहीं कर सके, लेकिन उनकी कप्तानी शानदार रही। वह सालों से कप्तानी कर रहे हैं, मुंबई और भारत के लिए उन्होंने शानदार कप्तानी की है। मैदान पर उतरते ही वह अपने प्लेयर्स और स्ट्रैटजी पर फोकस हो जाते हैं।
हमने मुंबई इंडियंस ग्रुप से बात करने के बाद उन्हें कप्तानी से हटाने का फैसला किया। हमें लगता है कि उनका बेस्ट निकालने का यही सही तरीका है।
हमें प्लेयर के रूप में रोहित की जरूरत है। हमें विश्वास है कि कप्तान नहीं रहने से वह शानदार प्रदर्शन करेंगे। रोहित भारत की कप्तानी तो करेंगे ही, लेकिन IPL में अब वह इस प्रेशर के बिना खेलने उतर सकेंगे। हो सकता है हमें अब रोहित का बेस्ट देखने को मिले।’
पिछले 2 सीजन में रोहित का फॉर्म खराब
रोहित पिछले 2 IPL सीजन में महज 20 की औसत से 600 रन बना सके। उनका स्ट्राइक रेट भी 126.84 का रहा। उनकी कप्तानी में टीम ने 2020 में आखिरी बार IPL जीता। टीम 2021 और 2022 में प्लेऑफ के लिए भी क्वालिफाई नहीं कर सकी। 2023 में टीम ने टॉप-4 टीमों में जगह बनाई, लेकिन क्वालिफायर-2 में टीम को गुजरात टाइटंस से हार का सामना करना पड़ा।


