सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी शनिवार को कुआलालंपुर में मलेशिया ओपन सुपर-1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गई है। टूर्नामेंट इतिहास में यह पहली बार है जब कोई भारतीय किसी भी कैटेगरी में खिताबी मुकाबले में पहुंचा है।
बैडमिंटन रैंकिंग में दूसरे नंबर पर मौजूद भारतीय जोड़ी ने मेंस डबल्स इवेंट के सेमीफाइनल में वर्ल्ड चैंपियन कोरिया के कांग मिन ह्युक और सियो सेउंग जे की जोड़ी को सीधे गेम में हराया और खिताबी मुकाबले में पहुंची।
भारतीय जोड़ी ने 21-18, 22-20 से मैच अपने नाम किया। 21 मिनट तक चले इस गेम में कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
तीसरी बार भारतीय जोड़ी जीती
इंटरनेशनल सर्किट पर भारतीय और कोरियन जोड़ी 5वीं बार आमने-सामने हुई थीं। जिसमें तीसरी बार भारतीय जोड़ी जीती। दो मुकाबलों में कोरियन जोड़ी को जीत मिली है।
मलेशिया ओपन में अब तक कोई भारतीय नहीं जीता
मलेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट 1937 से खेला जा रहा है। मलेशिया ओपन 2024 के रिजल्ट पेरिस ओलिंपिक 2024 के लिए शटलरों को क्वालिफाइंग रैंकिंग पॉइंट्स देगा। बैडमिंटन के लिए क्वालिफिकेशन विंडो पिछले साल 1 मई को शुरू हुई थी। मलेशिया ओपन में अब तक किसी भी भारतीय ने खिताब नहीं जीता है।


